पचोर। गुरुवार की देर शाम को पचोर के यहां हाईवे पर बारात में जा रही एक कार का स्टेरिंग फेल होने से वह पेड़ से जा टकराई, दुर्घटना में कार में सवार एक व्यक्ति का निधन हो गया जबकि 3 अन्य गंभीर रुप से घायल हो गये जिन्हें शाजापुर रेफर किया है, वहीं 2 अन्य घायलों का पचोर में ही उपचार जारी है.
जानकारी के अनुसार ग्राम पानिया से बारात झाडपिपल्या जा रही थी. बारात में जा रही एक अर्टिका कार पचोर स्थित पानिया बायपास के यहां पेट्रोल पम्प के समीप एकाएक स्टेरिंग फेल होने से रोड किनारे पेड़ से जा टकराई. दुर्घटना में कार में सवार एक व्यक्ति ने गंभीर चोट के चलते मौके पर ही दम तोड़ दिया. जबकि 3 गंभीर रुप से घायलों को पचोर अस्पाताल में प्राथमिक उपचार के बाद शाजापुर भेजा गया है. दो अन्य घायलों का पचोर अस्पाताल में उपचार चल रहा है. कार में 6 लोग सवार थे. जानकारी के अनुसार पानिया निवासी सतीश गोस्वामी की बारात झाडपिपल्या जा रही थी.
जानकारी के अनुसार इसी बीच एकाएक कार का स्टेरिंग फेल होने से संतुलन बिगड़ा और कार सडक़ के किनारे पेड़ से जा टकराई. दुर्घटना में कार में सवार पानिया निवासी राजेश पिता धीरप सिंह ने गंभीर चोट के चलते दम तोड़ दिया. वहीं गोविंद पिता जगदीश, देवराज पिता विजय सिंह, हरिओम पिता भारत सिंह को प्राथमिक उपचार के बाद शाजापुर रेफर किया गया है. वहीं चालक अमित नागर पिता कैलाश, संदीप पिता सागर घायल हो गये जिनका पचोर अस्पताल में उपचार चल रहा है.
खुशियों के बीच शोक छाया
दुर्घटनाग्रस्त कार में सवार लोग खुशी-खुशी बारात में जा रहे थे कि यह घटना हो गई. शादी के चलते खुशी का वातावरण था. जैसे ही घटना की जानकारी लगी शोक का वातावरण निर्मित हो गया.
अंधा मोड़ भी बनता है दुर्घटना का कारण
पानिया रोड से पचोर की और मुडऩे वाले अंधे मोड़ पर जरा सी असावधानी चालको के लिए दुर्घटना का कारण बन जाती है. हाईवे से पानिया रोड पर आने वाले और पचोर से हाईवे की ओर जाने वाले वाहनों को पानिया रोड पर अंधे मोड़ का सामना करना पड़ता है. कई बार इस खतरनाक मोड़ पर भी वाहनों के दुर्घटनाग्रस्त होने का भय रहता है. कई वाहन यहां मामूली असावधानी से दुर्घटनाग्रस्त हो चुके है. यह दुर्घटना भी उक्त अंधे मोड़ से चंद मीटर दूरी पर हुई है. प्रशासन को इस अंधे मोड़ पर यातायात सुगम हो इसके इंतेजाम करना चाहिए.
