सिलेंडर ब्लास्ट: आग से लाखों का सामान खाक, ग्रामीणों की मदद से परिवार सुरक्षित बाहर निकला

छतरपुर। जिले के गढ़ीमलहरा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कुर्राहा में बुधवार शाम एक बड़ा अग्निकांड हो गया, जब खाना बनाते समय अचानक गैस सिलेंडर में आग लगने से जोरदार विस्फोट हो गया। धमाके के बाद देखते ही देखते आग ने पूरे मकान को अपनी चपेट में ले लिया और घर में रखा नकद व घरेलू सामान जलकर नष्ट हो गया। राहत की बात यह रही कि समय रहते परिवार के सभी सदस्यों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई।

जानकारी के अनुसार, यह घटना ग्राम निवासी सफीक खान के घर में शाम करीब 6:30 से 7 बजे के बीच हुई। उस समय उनकी पत्नी रसोई में भोजन तैयार कर रही थीं, तभी सिलेंडर के पास अचानक आग भड़क उठी। परिवार की महिलाओं ने प्रारंभिक स्तर पर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन लपटें तेजी से फैलती चली गईं और कुछ ही देर में सिलेंडर तेज धमाके के साथ फट गया।

विस्फोट की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और तुरंत परिवार के लोगों को घर से बाहर निकाला। आग की चपेट में आने से घर में रखे करीब दो लाख रुपए नकद, फ्रिज, टीवी, पलंग, अलमारी और अन्य जरूरी सामान पूरी तरह जल गया। पीड़ित परिवार ने कुल नुकसान करीब ढाई से तीन लाख रुपए होने का अनुमान बताया है।

घटना की सूचना मिलते ही डायल-112 पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। ग्रामीणों और स्थानीय लोगों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है, ताकि वे दोबारा अपना जीवन सामान्य रूप से शुरू कर सकें।

 

 

Next Post

जिले की गौरवशाली परंपरानुसार मिल-जुल कर मनायें त्यौहार

Fri Feb 27 , 2026
सतना :जिले के नागरिक अपनी गौरवशाली परंपरा के अनुसार आगामी समय में आने वाले सभी त्यौहार शांति और सौहार्दपूर्ण वातावरण में मिल-जुल कर मनायें। इस आशय की अपील कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट डॉ. सतीश कुमार एस की अध्यक्षता में संपन्न जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक में की गई। इस […]

You May Like

मनोरंजन