इंदौर: भंवरकुआं स्थित भोला राम उस्ताद मार्ग पर नीट पेपर लीक, शिक्षा व्यवस्था में सुधार और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर जारी छात्र आंदोलन के समर्थन में कांग्रेस ने धरना प्रदर्शन किया.धरने में पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह और मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी शामिल हुए। नेताओं ने छात्रों की मांगों का समर्थन करते हुए केंद्र सरकार पर शिक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठाए.
भंवरकुआं चौराहे पर छात्रों का आंदोलन पिछले 23 दिनों से जारी है. दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्रों के प्रदर्शन के दौरान पुलिस कार्रवाई की खबर के बाद इंदौर में भी आंदोलन तेज हो गया है. अब शहर के कई लोग छात्रों के समर्थन में आगे आने लगे हैं. प्रदर्शन स्थल पर लोग चाय, पानी, नाश्ता और भोजन पहुंचा रहे हैं. सूत्रों के अनुसार, कुछ समाजसेवियों से पुलिस ने पूछताछ भी की है. वहीं कोचिंग संस्थानों को छात्रों को कानूनी प्रक्रिया की जानकारी देने के लिए कहा जा रहा है, ताकि आंदोलन के दौरान किसी तरह की कानूनी परेशानी न हो. छात्रों के समर्थन में 23 जुलाई को युवा न्याय पदयात्रा भी निकाली जाएगी. लगातार जारी आंदोलन को अब शहर के विभिन्न वर्गों का समर्थन मिल रहा है.
