‘तेरा साईं’ की शूटिंग पूरी, 2027 में रिलीज होगी फिल्म

मुंबई, 04 अगस्त (वार्ता) गायक, संगीतकार और फिल्म निर्माता पलाश मुच्छल की आगामी आध्यात्मिक फिल्म ‘तेरा साईं’ की शूटिंग पूरी हो गई है। साईं बाबा के जीवन, उनकी शिक्षाओं और मानवता के संदेश पर आधारित यह फिल्म आस्था, उम्मीद और करुणा से जुड़ी भावनात्मक कहानी प्रस्तुत करेगी।रेड आई स्टूडियो प्रस्तुत इस फिल्म का लेखन और निर्देशन पलाश मुच्छल ने किया है। फिल्म में राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता अभिनेता संजय मिश्रा साईं बाबा की मुख्य भूमिका निभा रहे हैं। उनके साथ सयाजी शिंदे, मनोज जोशी, ओमकार दास माणिकपुरी, अविका गौर और रोहन मेहरा भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में नजर आएंगे।

शूटिंग पूरी होने पर पलाश मुच्छल ने कहा कि ‘तेरा साईं’ उनके लिए केवल एक फिल्म नहीं, बल्कि एक आध्यात्मिक यात्रा रही है। उन्होंने कहा कि हर दृश्य को पूरी ईमानदारी और समर्पण के साथ फिल्माया गया है और पूरी टीम ने उनके दृष्टिकोण को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

उन्होंने कहा कि यह फिल्म आस्था, मानवता और उम्मीद की कहानी है तथा उन्हें विश्वास है कि दर्शक इससे भावनात्मक रूप से जुड़ेंगे। उनके अनुसार शूटिंग पूरी होने के बाद अब फिल्म पोस्ट-प्रोडक्शन के चरण में प्रवेश कर चुकी है।

निर्माताओं के अनुसार फिल्म साईं बाबा की करुणा, प्रेम, सेवा और आध्यात्मिक विचारों को प्रभावशाली ढंग से बड़े पर्दे पर प्रस्तुत करेगी और हर आयु वर्ग के दर्शकों तक उनका सार्वभौमिक संदेश पहुंचाने का प्रयास करेगी।

‘तेरा साईं’ वर्ष 2027 में सिनेमाघरों में रिलीज की जाएगी। यह फिल्म हिंदी, मराठी, तेलुगु और तमिल भाषाओं में प्रदर्शित होगी।

 

Next Post

संचार नगर में गैस पाइपलाइन में लगी आग, समय रहते बुझाई

Tue Aug 4 , 2026
इंदौर:कनाड़िया क्षेत्र के संचार नगर में सोमवार शाम निर्माणाधीन बिल्डिंग के पास गैस पाइपलाइन में आग लग गई. सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया. घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई.फायर ब्रिगेड के रघुवीर […]

You May Like