इंदौर:कनाड़िया क्षेत्र के संचार नगर में सोमवार शाम निर्माणाधीन बिल्डिंग के पास गैस पाइपलाइन में आग लग गई. सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया. घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई.फायर ब्रिगेड के रघुवीर शर्मा ने बताया कि घटना शाम की है. बिल्डिंग के मुख्य गेट के पास पाइपलाइन में आग लगने की सूचना मिलने पर दमकल की एक गाड़ी मौके पर भेजी गई थी, करीब 10 हजार लीटर पानी की मदद से आग बुझाई गई.
वहीं पुलिस ने बताया कि घटना की सूचना अवंतिका गैस लिमिटेड को भी दी गई थी. कंपनी की टीम मौके पर पहुंची और पाइपलाइन की जांच की. प्रारंभिक जांच में गैस पाइपलाइन में लीकेज सामने आया है. इसी दौरान किसी व्यक्ति द्वारा फेंकी गई जलती हुई बीड़ी या सिगरेट के संपर्क में आने से आग लगने की बात सामने आई है. आग बुझने के बाद गैस लाइन की मरम्मत का काम शुरू कर दिया है. पुलिस और संबंधित एजेंसियां घटना के कारणों की जांच कर रही हैं.
पहले भी हो चुका है हादसा…
गौरतलब है कि पिछले दिनों विजय नगर क्षेत्र में भी गैस पाइपलाइन से जुड़ा हादसा सामने आया था, जिसमें तीन लोग घायल हुए थे. लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं के बाद गैस पाइपलाइन के आसपास सुरक्षा इंतजामों को लेकर सवाल उठ रहे हैं.
