रूस के खिलाफ फ्रांस लगायेगा नये प्रतिबंध

पेरिस, 22 जुलाई (वार्ता) फ्रांस ने रूस के खिलाफ नये प्रतिबंध लगाने की तैयारी शुरू कर दी है।
फ्रांस के विदेश मंत्री जीन-नोएल बैरोट ने मंगलवार को फ्रांस इंटर रेडियो से बातचीत करते हुए कहा कि उनके मंत्रालय ने रूस के खिलाफ यूरोपीय प्रतिबंधों का एक नया पैकेज तैयार करना शुरू कर दिया है।
श्री बैरोट ने फ्रांस इंटर रेडियो से कहा, “हम और भी आगे बढ़ेंगे, क्योंकि मैंने अपनी टीम को प्रतिबंधों का अगला नया पैकेज तैयार करने के लिए पहले ही कह दिया है, जो पहले से भी सख्त होगा।”
उन्होंने कहा कि अगर रूस युद्धविराम पर सहमत नहीं होता है, तो नये प्रतिबंध पैकेज को जल्द से जल्द मंजूरी दी जा सकती है। रूस ने बार-बार कहा है कि वह यूक्रेन के साथ तीसरे दौर की बातचीत के लिए तैयार है।
गौरतलब है कि यूरोपीय संघ परिषद ने 18 जुलाई को रूस के खिलाफ प्रतिबंधों के 18वें पैकेज के तहत 14 व्यक्तियों और 41 कानूनी संस्थाओं को प्रतिबंधित कर दिया था। इसके अतिरिक्त, रूसी तेल की मूल्य सीमा कम कर दी गई।
रूस ने लगातार कहा है कि वह पश्चिमी प्रतिबंधों के दबाव का सामना कर सकता है, जो 2022 में शुरू हुए थे और लगातार बढ़ता जा रहे हैं।
रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन पहले ही कह चुके हैं कि पश्चिमी नीतियों का उद्देश्य रूस को दीर्घकालिक रूप से नियंत्रित और कमजोर करना है, लेकिन प्रतिबंधों ने इसके बजाय वैश्विक अर्थव्यवस्था को अधिक नुकसान पहुंचाया है।

Next Post

यूनेस्को से हटेगा अमेरिका: ट्रम्प

Tue Jul 22 , 2025
वाशिंगटन, 22 जुलाई (वार्ता) अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने संयुक्त राष्ट्र शैक्षिक, वैज्ञानिक एवं सांस्कृतिक संगठन (यूनेस्को) से हटाने का फैसला किया है। उन्होंने इस संगठन पर ऐसे मसलों को समर्थन देने का आरोप लगाया है जो विभाजनकारी होते हैं। न्यूयॉर्क पोस्ट अखबार ने व्हाइट हाउस की उप प्रवक्ता […]

You May Like