अहमदाबाद, (वार्ता) तिलक वर्मा (नाबाद 101) की आतिशी शतकीय पारी के बाद अश्विनी कुमार (चार विकेट) की बेहतरीन गेंदबाजी की बदौलत मुम्बई इंडियंस ने सोमवार को गुजरात टाइटंस को 99 हराकर टूर्नामेंट में लगातार चार हार के बाद अपनी दूसरी जीत दर्ज की। तिलक वर्मा को उनकी शानदार पारी के लिए ‘प्लेयर ऑफ द मैच ’ का पुरस्कार मिला।
आखिरीकार मुम्बई ने आज बल्ले और गेंद से बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए लगातार चार हार के बाद जीत दर्ज की। मैच में पहले 10-12 ओवर तक मुम्बई पीछे थी लेकिन तिलक के शतक और फिर गेंदबाजों के जबावी हमले ने उन्हें वह जीत दिलाई, जो उनके लिए बेहद जरुरी थी। पहली पारी में तिलक की रिकार्ड विस्फोटक पारी के कारण मुम्बई अच्छे स्कोर तक पहुंचा। इसके बाद बुमराह ने पहली ही गेंद पर सुदर्शन को आउट कर के गुजरात टाइटंस को पूरी तरह से पीछे धकेल दिया। इसके बाद अश्वनी सहित शेष के गेंदबाजों ने कमाल की वापसी की। मुम्बई ने गुजरात टाइटंस की टीम को 15.5 ओवरों में 100 रन पर ढेर कर मुकाबला 99 रनों से अपने नाम किया। गुजरात टाइटंस की टूर्नामेंट में यह तीसरी हार है।
200 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी गुजरात टाइटंस को मुम्बई के गेंदबाजों ने शुरुआती झटके देते हुए महज पांच रन के स्कोर पर दो विकेट झटक लिये। साई सुदर्शन (शून्य) को जसप्रीत बुमराह और जॉस बटलर को (पांच) को हार्दिक पंड्या ने आउट किया। इसके बाद कप्तान शुभमन गिल ने वॉशिंगटन सुंदर के साथ पारी को सभालने का प्रयास किया। दोनों बल्लेबाजों के बीच तीसरे विकेट लिये 35 रन जोड़े। पांचवें ओवर में अश्विनी कुमार ने गिल (14) को आउट कर इस साझेदारी का अंत किया। इसके बाद मिचेल सैंटनर और अश्विनी कुमार ने गुजरात टाइटंस के लगातार विकेट झटके हुए उसके बल्लेबाजी क्रम को तहस नहस कर दिया। 16वें ओवर में एम गजनफर ने कगिसो रबाडा (12) और मोहम्मद सिराज (शून्य) को आउट कर अपनी टीम को 99 रनों से जीत दिला दी।
मुम्बई के लिए अश्विनी कुमार ने 24 गेंदों में चार विकेट लिये। मिचेल सैंटनर और एम गजनफर को दो-दो विकेट मिले। जसप्रीत बुमराह और हार्दिक पंड्या ने एक-एक बल्लेबाज को आउट किया।
इससे पहले आज यहां गुजरात टाइटंस ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। बल्लेबाजी करने उतरी मुम्बई इंडियंस को कगिसो रबाड़ा के कहर का सामना करना पड़ा। दानिश मालेबार (दो) को रबाड़ा ने पगबाधा आउट किया। चौथे ओवर में रबाडा ने क्विंटन डी कॉक (13) का शिकार कर मुम्बई इंडियंस को दूसरा झटका दिया। छठें ओवर में रबाडा ने सूर्यकुमार यादव (15) को बोल्ड कर पवेलियन भेज दिया। तिलक वर्मा और नमन धीर के बीच 52 रनों की साझेदारी हुई। 13वें ओवर में प्रसिद्ध कृष्णा ने नमन धीर को आउटकर गुजरात टाइटंस को चौथी सफलता दिलाई। नमन धीर ने 32 गेंदों में छह चौके और एक छक्का लगाते हुए 45 रनों की पारी खेली। 19वें ओवर में मोहम्मद सिराज ने हार्दिक पंड्या (15) को बाउंड्री पर कैच आउट करा दिया। इस दौरान तिलक वर्मा एक छोर थामे गुजरात के गेंदबाजों की पिटाई करते रहे। मुम्बई इंडियंस ने निर्धारित 20 ओवरों में पांच विकेट पर 199 रनों का स्कोर बनाया। तिलक वर्मा ने 45 गेंदों में आठ चौके और सात छक्कों की मदद से नाबाद 101 रनों की पारी खेली।
गुजरात टाइटंस के लिए कगिसो रबाड़ा ने तीन विकेट लिये। प्रसिद्ध कृष्णा को एक विकेट मिला।
