जबलपुर: महिला की प्रताड़ना और धमकियों से तंग आकर पूर्व बीएसएफ जवान ने फांसी लगाकर आत्महत्या की थी। कटंगी पुलिस ने मर्ग जांच और कॉल रिकॉर्डिंग के आधार पर आरोपी महिला के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज कर लिया है।पुलिस ने बताया नगर परिषद कटंगी में एलडीसी के पद पर पदस्थ शिवम श्रीवास्तव (28) ने पुलिस को सूचना दी थी कि उनके पिता शिवकुमार श्रीवास्तव (58) ने 5-6 मई 2026 की दरमियानी रात घर के कमरे में फांसी लगा ली थी।
मृतक शिवकुमार पूर्व में बीएसएफ में सेवाएं दे चुके थे। पुलिस जांच और परिजनों के बयानों से पता चला है कि मृतक शिवकुमार पिछले 3 साल से मंडला जिले के बीजाडांडी की रहने वाली रेखा सक्सेना के संपर्क में थे। रेखा लगातार शिवकुमार पर दबाव बना रही थी कि वह अपने बेटे-बहू को छोड़ दें और कटंगी का मकान बेचकर उसके साथ भेड़ाघाट वाले घर में रहें।
बेटी की शादी में हंगामा करने की दी थी धमकी
परिजनों के अनुसार, 21 अप्रैल 2026 को शिवकुमार की बेटी की शादी थी। तब रेखा ने धमकी दी थी कि यदि वह शादी में शामिल हुए, तो वह घर आकर हंगामा करेगी और समाज में उन्हें बदनाम कर देगी। इसके अलावा, रेखा फोन पर लगातार विवाद करती थी और उन्हें फांसी लगाकर मर जाने को कहती थी। इस मानसिक प्रताड़ना के कारण शिवकुमार पिछले एक हफ्ते से गहरे डिप्रेशन में थे।
ऑडियो रिकॉर्डिंग ने खोले राज
मृतक के बेटे ने पुलिस को दो मोबाइल फोन सौंपे हैं, जिनमें रेखा सक्सेना और शिवकुमार की बातचीत के ऑडियो रिकॉर्डिंग्स हैं। कॉल रिकॉर्ड में साफ सुना जा सकता है कि महिला लगातार शिवकुमार को गाली दे रही थी, बेटे-बहू को छोड़ने की बात कह रही थी और आत्महत्या के लिए उकसा रही थी। कटंगी पुलिस ने मर्ग जांच और साक्ष्यों के आधार पर आरोपी रेखा सक्सेना के खिलाफ अपराध दर्ज कर मामले को विवेचना में लिया है।
