आसमान में आग के गोले, ढाल लेकर भिड़े तुर्रा-कलंगी के योद्धा

इंदौर. आसमान में उठती आग की लपटें, बारूद की गूंज और हाथों में ढाल लेकर एक-दूसरे की ओर बढ़ते योद्धा… सोमवार शाम गौतमपुरा का मैदान कुछ ऐसे ही नजारे का गवाह बना. दीपावली के अगले दिन धोक पड़वा पर परंपरागत हिंगोट युद्ध में गौतमपुरा के तुर्रा और रूणजी के कलंगी दल के योद्धा आमने सामने उतरे, दोनों ओर से जलते हिंगोट फेंके गए. इस दौरान 20 से ज्यादा लोग घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया.

युद्ध की परंपरा के अनुसार शाम करीब चार बजे दोनों दल अपने अपने निशान लेकर भगवान देवनारायण मंदिर पहुंचे. यहां दर्शन और पूजा अर्चना के बाद योद्धा युद्ध मैदान में पहुंचे. सिर पर साफा और हेलमेट, हाथों में ढाल तथा कंधों पर हिंगोट से भरे झोले लेकर मैदान में उतरे योद्धाओं के बीच मुकाबले की तैयारी शुरू हुई. गौतमपुरा के तुर्रा दल की ओर से पहला जलता हिंगोट फेंके जाने के साथ ही युद्ध का आगाज हुआ. इसके बाद दोनों दलों की ओर से एक-दूसरे पर हिंगोट बरसाने का सिलसिला शुरू हो गया. जैसे जैसे अंधेरा बढ़ा, आसमान में उड़ते जलते हिंगोट और बारूद की आवाज ने मैदान का माहौल रोमांचक बना दिया. योद्धा ढाल से एक दूसरे के हिंगोट का सामना करते रहे. मैदान के बाहर बड़ी संख्या में मौजूद दर्शक इस पारंपरिक मुकाबले को देखते रहे. दर्शकों की सुरक्षा के लिए मैदान और उनके बीच जालियां लगाई गई थीं. पुलिस बल के साथ स्वास्थ्य विभाग की टीम और एंबुलेंस भी तैनात रही. मुकाबले के दौरान जलते हिंगोट की चपेट में आने से 20 से अधिक लोग घायल हुए. घायलों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया. आयोजकों की ओर से युद्ध समाप्त होने की घोषणा भी की गई, लेकिन इसके बाद भी कुछ योद्धा मैदान में डटे रहे और मुकाबला जारी रखने की कोशिश करते नजर आए. क्षेत्रीय विधायक मनोज पटेल भी हिंगोट युद्ध देखने गौतमपुरा पहुंचे. उन्होंने इस आयोजन को वर्षों पुरानी ऐतिहासिक और सांस्कृतिक परंपरा बताते हुए हिंगोट युद्ध के मैदान के विस्तार के लिए आर्थिक सहायता देने की बात कही. करीब 200 साल पुरानी मानी जाने वाली यह परंपरा आज भी मालवा की अलग पहचान बनी हुई है. हिंगोरिया पेड़ के फल को सुखाकर उसके खोल में बारूद भरी जाती है. फिर उसमें बांस की कमची लगाकर उसे जलते अग्निबाण के रूप में इस्तेमाल किया जाता है. गौतमपुरा का तुर्रा दल और रूणजी का कलंगी दल हर साल धोक पड़वा पर इस परंपरा को निभाते हैं.

 

चित्र हिंगोट वार के नाम से…

Next Post

बोलेरो और बाइक में भिड़ंत, बाइक सवार गंभीर 

Mon Nov 9 , 2026
सीधी। रीवा-सीधी मुख्य मार्ग पर रामपुर नैकिन तहसील कार्यालय से लगभग 500 मीटर की दूरी पर रीवा की तरफ एक भीषण सड़क हादसा घटित हुआ है। यहां तेज रफ्तार बोलेरो और बाइक के बीच आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और […]

You May Like