ग्वालियर: गजराराजा मेडिकल कॉलेज के डीन डॉ. आरकेएस धाकड़ को चांटा मारने की घटना के विरोध में जूनियर डॉक्टरों की कलमबंद हड़ताल से जेएएच ग्रुप के अस्पतालों की व्यवस्था बुधवार को दिनभर प्रभावित रही।
जूनियर डॉक्टरों ने ओपीडी का बहिष्कार कर धरना दिया। पुलिस से जांच रिपोर्ट और दोषी पर कार्रवाई की मांग की है। हड़ताल के चलते गैर जरूरी ऑपरेशन टाल दिए गए। ओपीडी में सीनियर डॉक्टरों को मोर्चा संभालना पड़ा। मरीजों की हिस्ट्री लिखने से लेकर वार्डों में राउंड तक का जिम्मा सीनियर डॉक्टरों पर रहा। कई मरीज बिना इलाज लौट गए।
जूडा अध्यक्ष डॉ. धीराराम गुर्जर ने कहा कि अस्पताल में सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त है। दो बार डॉक्टरों पर हमला हो चुका है। सिटी स्कैन के साथ कक्ष में घुसकर मारपीट और धमकी का मामला सामने आया है। दो दिन पहले शीतला माता मंदिर हादसे में घायलों का हाल जानने पहुंचे मुख्यमंत्री के दौरे पर कड़ी सुरक्षा थी, लेकिन डीन पर हमला हो गया।
जूडा की मांग है कि हजार बिस्तर अस्पताल परिसर में पुलिस चौकी स्थापित की जाए। अधिष्ठाता के आग्रह पर जूनियर डॉक्टरों ने धरना खत्म कर दिया, लेकिन पुलिस चौकी की मांग पर अड़े हैं।
