
सीधी। रीवा-सीधी मुख्य मार्ग पर रामपुर नैकिन तहसील कार्यालय से लगभग 500 मीटर की दूरी पर रीवा की तरफ एक भीषण सड़क हादसा घटित हुआ है। यहां तेज रफ्तार बोलेरो और बाइक के बीच आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और उस पर सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, बोलेरो क्रमांक एमपी 53 जेडएच 3515 रीवा की तरफ से तेज रफ्तार में आ रही थी। इसी दौरान विपरीत दिशा रामपुर नैकिन की तरफ से जा रही बाइक क्रमांक एमपी 53 जेडए 2957 से उसकी सीधी टक्कर हो गई। हादसे में बाइक सवार मूर्तला निवासी रावत दूर जा गिरा और उसे गंभीर चोटें आईं। घटना के तुरंत बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। ग्रामीणों और राहगीरों की मदद से आनन-फानन में गंभीर रूप से घायल युवक को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रामपुर नैकिन ले जाया गया, जहां डॉक्टरों की देखरेख में उसका उपचार किया जा रहा है। दुर्घटना की सूचना मिलते ही थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई है और दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई व जांच शुरू कर दी है।
