
सीधी। जिले के रामपुर नैकिन थानांतर्गत ग्राम हत्था के बाजार में दीपावली की रात एक ऑटो पार्ट्स की दुकान में अचानक आग लग गई। हादसे में दुकान का कुछ सामान जलकर नष्ट हो गया। हालांकि स्थानीय लोगों की तत्परता से समय रहते आग पर काबू पा लिया गया, जिससे दुकान का अधिकांश सामान सुरक्षित बच गया। जानकारी के अनुसार, ग्राम हत्था बाजार स्थित सोनी ऑटो पार्ट्स की दुकान में रविवार रात करीब 10 बजे दीपावली के अवसर पर पूजा की जा रही थी। पूजा के बाद दुकान संचालक नरेंद्र सोनी कुछ दूरी पर बैठे हुए थे।
इसी दौरान अचानक एक पटाखा जलता हुआ दुकान के अंदर जा घुसा। दुकान में मोबी ऑयल सहित अन्य ज्वलनशील सामग्री रखी हुई थी। पटाखे के संपर्क में आने से अचानक आग भड़क उठी और देखते ही देखते दुकान का लगभग आधा हिस्सा आग की चपेट में आ गया। दुकान में आग लगते ही आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोग तत्काल मौके पर पहुंचे और पानी डालकर आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। इसके बाद पास में स्थित बोरवेल से लगातार पानी डालकर आग पर काबू पाया गया। दुकान संचालक नरेंद्र सोनी ने भी लोगों के साथ मिलकर आग बुझाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। नरेंद्र सोनी के मुताबिक, वह पूजा करने के बाद थोड़ी दूरी पर बैठे थे और कुछ देर बाद दुकान बंद करने वाले थे। तभी अचानक दुकान में आग लग गई। इस घटना में करीब 60 से 70 हजार रुपये के सामान का नुकसान हुआ है, जबकि दुकान का अधिकांश सामान बचा लिया गया। रामपुर नैकिन थाना प्रभारी अभिषेक उपाध्याय ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही तत्काल पुलिस टीम को मौके पर भेजा गया था। आग पर काबू पा लिया गया है। जल्द ही आग लगने के कारणों की जानकारी जुटाई जाएगी।
