
जबलपुर। शेयर बाजार में निवेश पर 500 प्रतिशत मुनाफे का लालच देकर डॉक्टर से 3.4 करोड़ की ठगी मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपी को शुक्रवार को न्यायालय के समक्ष पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी अनुसार शहर में रहने वाली एक डॉक्टर को साइबर ठगों ने अपने जाल में फंसाने के लिए लुभावने वादे किए थे। आरोपियों ने दावा किया था कि शेयर बाजार में निवेश करने पर प्रतिदिन 5 का रिटर्न और दीर्घकालिक निवेश पर 500 प्रतिशत तक का मुनाफा मिलेगा। किश्तों में 3 करोड़ 4 लाख रुपये ऐंठ लिए थे। धोखाधड़ी का अहसास होने पर डॉक्टर ने एफआईआर दर्ज कराई थी।
संस्कार ने उगला सौरभ का नाम
साइबर सेल निरीक्षक अनूप नामदेव ने बताया कि प्रकरण में एक आरोपी संस्कार केशरवानी को पूर्व मे गिरफ्तार किया गया था जिससे सघन पूछताछ करते हुये प्रकरण के अन्य आरोपी सौरभ विश्वकर्मा उर्फ राहुल 25 वर्ष, निवासी खमरिया को गिरफ्तार किया गया जिसने पूछताछ में नए राज उगले है। जिसकी जांच पड़ताल चल रही है। कुछ नए नाम भी मिले है। जिसकी तफ्तीश जारी है। पकड़े गए आरोपी सौरभ को शुक्रवार को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।
खातों को भी बेचता था साइबर ठग
साइबर ठगी मामले में पुलिस गिरफ्त में आया आरोपी लोगों के करंट, कॉरपोरेट अकाउंट खुलवाकर उन्हें टेलीग्राम के माध्यम से साइबर ठगों को भेजता था, जिसके बदले उसे मोटी रकम मिलती थी। इन्हीं खातों का उपयोग साइबर फ्रॉड की रकम को इधर-उधर ट्रांसफर करने के लिए किया जाता था।
