
नाबालिग ने मल्टी की छत से कूदकर की थी खुदकुशी
आरोपी युवक नाबालिग पर बना रहा था शादी का दबाव
भोपाल, 8 जनवरी. शाहपुरा स्थित इंद्रा नगर मल्टी की छत से कूदकर खुदकुशी करने वाली एक नाबालिग लड़की के मामले में पुलिस ने उसके दोस्त के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया है. आरोपी नाबालिग पर शादी के लिए दबाव बना रहा था, जबकि किशोरी इसके लिए तैयार नहीं थी. घटना के समय दोनों मल्टी की छत पर बातचीत कर रहे थे, तभी उनके बीच विवाद हो गया था. पुलिस के मुताबिक इलाके में रहने वाली 16 वर्षीय किशोरी ने पांचवी तक पढ़ाई की थी. उसके बाद वह घरेलू काम करती थी. इंद्रानगर मल्टी में रहने वाले अभिषेक नामक युवक से किशोरी की दोस्ती थी. बीती 25 नवंबर की रात को किशोरी अभिषेक से मिलने के लिए उसके घर पहुंची थी. रात करीब दस बजे दोनों मल्टी की छत पर बातचीत कर रहे थे, तभी किशोरी संदिग्ध हालत में नीचे जा गिरी थी. उसे इलाज के लिए एम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां 2 दिसंबर को उसकी मौत हो गई थी. घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस बयान लेने के लिए अस्पताल पहुंची थी, लेकिन हालत गंभीर होने के कारण किशोरी के बयान नहीं हो पाए थे. मर्ग जांच के दौरान पता चला कि अभिषेक और किशोरी के बीच दोस्ती थी. अभिषेक उसे पर शादी के लिए दबाव बना रहा था, जबकि वह शादी करने के लिए तैयार नहीं थी. घटना वाली रात भी दोनों के बीच इसी बात को लेकर विवाद हुआ था, जिसके बाद किशोरी ने गुस्से में आकर मल्टी से नीचे छलांग लगा दी थी. जांच के बाद पुलिस ने अभिषेक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है.
