
छतरपुर। राष्ट्रगीत वंदे मातरम् के 150 वर्ष पूरे होने के अवसर पर छतरपुर में जिला स्तरीय सामूहिक गायन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। शुक्रवार सुबह करीब 9:30 बजे शहर के ऑडिटोरियम में आयोजित इस कार्यक्रम में वन एवं पर्यावरण राज्यमंत्री दिलीप अहिरवार मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, शिक्षक, विद्यार्थी और बड़ी संख्या में नागरिक एक साथ खड़े होकर राष्ट्रगीत का सामूहिक गायन किया। राष्ट्रगीत की धुन और स्वर के साथ पूरा सभागार देशभक्ति की भावना से गूंज उठा।
राज्यमंत्री दिलीप अहिरवार ने इस अवसर पर कहा कि वंदे मातरम् सिर्फ एक गीत नहीं, बल्कि भारत की स्वतंत्रता संग्राम की आत्मा और राष्ट्रीय गर्व का प्रतीक है। उन्होंने युवाओं से राष्ट्र के इतिहास और सांस्कृतिक मूल्यों को समझकर आगे बढ़ने की अपील की।
कार्यक्रम का संचालन सांस्कृतिक विभाग द्वारा किया गया। अंत में सभी प्रतिभागियों को भारतीय संस्कृति और राष्ट्रगौरव से जुड़े संकल्प के साथ विदाई दी गई।
