
छतरपुर। थाना गुलगंज क्षेत्र के ग्राम डिकोली में एक सड़क हादसे के बाद स्वास्थ्य व्यवस्था की लापरवाही सामने आई है। ग्राम डिकोली निवासी 17 वर्षीय प्रमोद अहिरवार, पिता बबलू अहिरवार, शनिवार देर रात सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजनों के अनुसार प्रमोद अपने पिता के कहने पर मोटर का सामान लेने के लिए गुलगंज बाजार गया था। लौटते समय उसकी बाइक अचानक अनियंत्रित होकर फिसल गई, जिसमें उसके चेहरे और सिर पर गंभीर चोटें आईं।
घटना के बाद घायल युवक को तत्काल प्राथमिक उपचार के लिए स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां एंबुलेंस उपलब्ध नहीं थी। परिजन एंबुलेंस की प्रतीक्षा करते रहे, लेकिन काफी देर तक वाहन नहीं पहुंचा। इस दौरान घायल की स्थिति गंभीर होती गई। मजबूर होकर पिता को स्वयं अपने बेटे की ड्रिप की बोतल पकड़कर उपचार करवाना पड़ा।
परिजनों का कहना है कि अगर समय पर एंबुलेंस और बेहतर व्यवस्था मिल जाती तो स्थिति और खराब न होती। घटना ने स्वास्थ्य विभाग की लापरवाही और आपातकालीन सेवाओं की असमर्थता पर फिर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों ने अधिकारियों से आपात सेवा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।
