कांग्रेस राष्ट्रीय महासचिव ने मुख्य चुनाव आयुक्त को लिखा पत्र, फॉर्म-7 के दुरुपयोग का आरोप

नई दिल्ली, 29 जनवरी (वार्ता) कांग्रेस ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के दौरान फॉर्म-7 के कथित दुरुपयोग को लेकर चुनाव आयोग से तत्काल हस्तक्षेप की मांग रखी है।

कांग्रेस के महासचिव के.सी वेणुगोपाल ने मुख्य चुनाव आयुक्त को गुरुवार को पत्र लिखकर आरोप लगाया कि कई राज्यों में सुनियोजित तरीके से योग्य मतदाताओं के नाम हटाने की कोशिश की जा रही है।

कांग्रेस पार्टी का दावा है कि राजस्थान, गुजरात, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल, असम और केरल सहित 12 राज्यों में बड़े पैमाने पर फॉर्म-7 के जरिए आपत्तियां दाखिल की गईं। इन आपत्तियों का निशाना अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अल्पसंख्यक और 60 वर्ष से अधिक उम्र के वरिष्ठ नागरिक बनाए गए। पत्र में कहा गया है कि कई फॉर्म पहले से छपे हुए थे और उनमें आपत्ति दर्ज कराने वाले व्यक्ति की पहचान, वैध दस्तावेज और सही विवरण मौजूद नहीं थे।

कांग्रेस ने आरोप लगाया कि जांच में कई मामलों में कथित आपत्तिकर्ता भाजपा से जुड़े बूथ लेवल एजेंट या ऐसे लोग पाए गए जिन्होंने स्वयं किसी आवेदन से इनकार किया। असम में स्थिति को विशेष रूप से गंभीर बताया गया है। कांग्रेस ने कहा अगर इस पर कार्रवाई नहीं हुई तो लाखों मतदाताओं का मताधिकार छिन सकता है। कांग्रेस ने दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ तत्काल जांच और कानूनी कार्रवाई की मांग चुनाव आयोग से की है।

 

 

 

Next Post

शहरी क्षेत्र में दो अवैध कॉलोनियों पर चला बुल्डोजर

Thu Jan 29 , 2026
ग्वालियर । जिले में गुरुवार को दो अवैध कॉलोनियों के विरूद्ध कार्रवाई की गई। कॉलोनाइजरों द्वारा नगर तथा ग्राम निवेश, ग्वालियर एवं नगर निगम ग्वालियर की अनुमति के बिना कॉलोनियों में विकास कार्य किए जा रहे थे। जिन पर कार्रवाई करते हुए निगम अमले द्वारा विकास कार्यों को हटाया गया। […]

You May Like