रीवा: भीषण गर्मी के साथ नगर निगम क्षेत्र में जल संकट गहराने लगा है. शहर के कई मोहल्लो में पानी की समस्या को देखते हुए टैंकर से पानी की सप्लाई की जा रही है.
पिछले कई दिनो से पानी की समस्या बनी हुई थी. कई मोहल्ले ऐसे है जहा पेयजल सप्लाई के लिये पाइप लाइन नही है और निजी पम्पों पर लोग निर्भर रहते है. नगर निगम द्वारा टैंकरों से पेयजल आपूर्ति की विशेष व्यवस्था लागू की गई है, जिसके अंतर्गत शहर के विभिन्न वार्डों एवं प्रभावित क्षेत्रों में नियमित रूप से पेयजल पहुंचाने हेतु विस्तृत रूट चार्ट तैयार किया गया है.
निगम द्वारा ग्रीष्मकाल के दौरान पेयजल आपूर्ति हेतु 06 ट्रैक्टर, 18 बड़े टैंकर एवं 02 ट्रकमाउंटेड टैंकरों की व्यवस्था की गई है. साथ ही इनके संचालन के लिए अधिकारियों, कर्मचारियों एवं ऑपरेटरों की जिम्मेदारियां भी तय की गई हैं, निगम आयुक्त अक्षत जैन ने अधिकारियों को निर्देशित किया है कि जिन क्षेत्रों में पाइपलाइन पेयजल व्यवस्था प्रभावित है, टंकियों की क्षमता कम है अथवा गर्मी के कारण पेयजल आपूर्ति बाधित हो रही है, वहां नियमित रूप से टैंकर भेजकर नागरिकों को राहत प्रदान की जाए. इसके अंतर्गत वार्ड क्रमांक 1, 4, 5, 8, 9, 11, 13, 15, 16, 24, 25, 26, 28, 29, 30, 31, 34, 35, 38, 41, 42, 43, 44 एवं 45 सहित अनेक क्षेत्रों को चिन्हित कर विशेष व्यवस्था बनाई गई है. पानी को लेकर शहर के अधिकांश मोहल्लो में हाहाकार मचा हुआ हैं, टैंकर कम पड़ रहे है.
