आमजन के कार्य समय पर करें ताकि वह परेशान न हों

बुधनी/ शाहगंज। कलेक्टर बालागुरू के. ने बुधनी एवं शाहगंज तहसील कार्यालयों का निरीक्षण कर प्रशासनिक एवं राजस्व कार्यों की समीक्षा की. उन्होंने जनगणना 2027 के प्रथम चरण के कार्य की प्रगति, स्वच्छता सर्वेक्षण अभियान, राजस्व प्रकरणों के निराकरण तथा जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली.

उन्होंने अधिकारियों से कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक समय पर और पारदर्शी तरीके से पहुंचाना प्रशासन का दायित्व है. कलेक्टर ने कार्यालयों में अभिलेखों के संधारण, रिकॉर्ड व्यवस्थातथा कार्यालयीन कार्यप्रणाली का अवलोकन कर अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्य गुणवत्ता, पारदर्शिता और समयबद्धता के साथ पूर्ण किए जाएं तथा आमजन को किसी प्रकार की अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े.

कलेक्टर ने राजस्व प्रकरणों की समीक्षा करते हुए नामांतरण, बंटवारा, सीमांकन, ऋण पुस्तिका सुधार, नक्शा संशोधन, अतिक्रमण संबंधी प्रकरणों तथा अन्य लंबित मामलों की जानकारी प्राप्त की. उन्होंने निर्देश दिए कि राजस्व मामलों का समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित किया जाए और लंबित प्रकरणों की नियमित समीक्षा कर उनका शीघ्र समाधान किया जाए. उन्होंने यह भी कहा कि नागरिकों को छोटे-छोटे कार्यों के लिए बार-बार कार्यालय के चक्कर न लगाने पड़ें तथा प्रत्येक आवेदन का निराकरण निर्धारित समय में किया जाए.

नेशनल हाईवे एवं रेलवे परियोजनाओं के लिए चल रही भू-अर्जन प्रक्रिया की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने निर्देश दिए कि भूमि अधिग्रहण से जुड़े मामलों का त्वरित निराकरण किया जाए और प्रभावित किसानों एवं हितग्राहियों से समन्वय बनाकर प्रक्रिया को तेजी से आगे बढ़ाया जाए. उन्होंने कहा कि सड़क एवं रेलवे परियोजनाएं क्षेत्र के विकास की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण हैं तथा इनके पूर्ण होने से नागरिकों को बेहतर आवागमन सुविधाएं, व्यापारिक गतिविधियों में वृद्धि और रोजगार के नए अवसर प्राप्त होंगे.

 

 

Next Post

लाखों का माल चुराने वाला 24 घंटे में गिरफ्तार

Sat May 23 , 2026
सीहोर। कोतवाली पुलिस ने बढिय़ाखेड़ी में सूने मकान में हुई लाखों रुपए की चोरी का खुलासा महज 24 घंटे के भीतर करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. आरोपी के कब्जे से करीब 16 लाख रुपए कीमत के सोने-चांदी के जेवरात एवं नगदी बरामद की गई है. जानकारी […]

You May Like