सीहोर। कोतवाली पुलिस ने बढिय़ाखेड़ी में सूने मकान में हुई लाखों रुपए की चोरी का खुलासा महज 24 घंटे के भीतर करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. आरोपी के कब्जे से करीब 16 लाख रुपए कीमत के सोने-चांदी के जेवरात एवं नगदी बरामद की गई है.
जानकारी के अनुसार बढिय़ाखेड़ी निवासी कार्तिक राय ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह 16 मई को तेरहवीं कार्यक्रम में दमोह गए थे. 19 मई की रात घर लौटने पर मकान का ताला टूटा मिला और घर से सोने-चांदी के जेवरात सहित 50 हजार रुपए नगद चोरी पाए गए. मामले में कोतवाली थाना पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की.
पुलिस ने मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया. सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी डाटा और मुखबिर सूचना के आधार पर पुलिस ने आरोपी तक पहुंच बनाई. पूछताछ के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी गया सामान बरामद कर लिया गया. पुलिस ने आरोपी के कब्जे से सोने का मंगलसूत्र, हार, कान के टॉप्स, टीका, अंगूठी, चैन, चार कंगन, चार चांदी की पायल तथा 9500 रुपए नगद बरामद किए हैं. बरामद सामान की कीमत 16 लाख रुपए बताई गई है. कार्रवाई में थाना प्रभारी रविन्द्र यादव, एसआई नवतेश राजपूत, आरक्षक विवेक दांगी, वीरेंद्र परमार, चेतन चौहान तथा कमलेश परोचे की भूमिका रही.
रैकी कर दिया वारदात को अंजाम
मामले में एसपी श्रीमती सोनाक्षी सक्सेना ने जानकारी देते हुए बताया कि आरोपी पहले सूने मकानों की रेकी करता था. मौका मिलने पर ताला तोड़कर घर में प्रवेश कर चोरी की वारदात को अंजाम देता था. गिरफ्तार आरोपी 22 वर्षीय अंकित दीक्षित निवासी बिस्तरियापुरा जैन मंदिर रोड आष्टा हाल निवासी बढिय़ाखेड़ी बताया गया है. मामले में थाना प्रभारी रविन्द्र यादव का कहना है कि फरियादी के घर की सीढिय़ां बाहर की तरफ होने के कारण आरोपी मौका पाकर सीढिय़ों से ऊपरी तल पर पहुंचा और चोरी की वारदात को अंजाम दिया था.
