इंदौर: ग्रीष्मकालीन गिद्ध गणना-2026 के तहत वन विभाग की टीमों ने पहले दिन इंदौर वन परिक्षेत्र में विभिन्न स्थानों पर सर्वे किया, जिसमें 10 गिद्ध दर्ज किए गए. खास बात यह रही कि सभी गिद्ध वयस्क पाए गए और किसी भी स्थान पर घोंसले नहीं मिले. यह गणना रविवार तक चलेगी.गणना के पहले दिन शुक्रवार को वन विभाग द्वारा तिल्लोर, पेडमी, चिखली और भजकिया क्षेत्रों में गणना की गई.
इसमें तिल्लोर में 2, पेडमी में 3, चिखली में 2 और भजकिया क्षेत्र में 3 गिद्ध दर्ज किए. इनमें अधिकांश सफेद (इजिप्शियन) प्रजाति के गिद्ध रहे, जबकि भजकिया में देशी प्रजाति के गिद्ध पाए गए. गणना के दौरान किसी भी स्थान पर अवयस्क गिद्ध नहीं मिले और न ही चट्टान या पेड़ों पर कोई घोंसला दिखाई दिया. इससे संकेत मिलता है कि क्षेत्र में गिद्धों की प्रजनन गतिविधि फिलहाल नजर नहीं आई है.
पारिस्थितिकी संतुलन के लिए बेहद महत्वपूर्ण हैं गिद्ध
डीएफओ लाल सुधाकर सिंह ने बताया कि गिद्धों की गणना उनके संरक्षण और वास्तविक स्थिति का आकलन करने के लिए की जा रही है. उन्होंने कहा कि गिद्ध पारिस्थितिकी संतुलन के लिए बेहद महत्वपूर्ण हैं और उनके संरक्षण के लिए विभाग लगातार प्रयास कर रहा है. उन्होंने बताया कि गणना के विस्तृत आंकड़ों के आधार पर आगे संरक्षण की रणनीति तैयार की जाएगी, ताकि गिद्धों के सुरक्षित आवास और संख्या में वृद्धि सुनिश्चित की जा सके.
