
भोपाल। मध्यप्रदेश पुलिस ने प्रदेशभर में चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन मुस्कान’ के तहत पिछले 10 दिनों में लापता एवं अपहृत 13 नाबालिग बालक-बालिकाओं को सकुशल तलाश कर उनके परिजनों से मिलाया है। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों, साइबर सेल की मदद, मोबाइल एवं टावर लोकेशन ट्रैकिंग तथा लगातार मैदानी कार्रवाई के जरिए बच्चों का पता लगाया।
पुलिस टीमों ने मध्यप्रदेश के अलावा महाराष्ट्र, गुजरात और उत्तरप्रदेश तक अभियान चलाकर नाबालिगों को बरामद किया। कटनी पुलिस ने तीन नाबालिग बालिकाओं को तलाशा, जिनमें एक मुंबई और दूसरी गुजरात के मोरबी से मिली। देवास पुलिस ने अपहृत पांच नाबालिग बालिकाओं को बरामद किया, जिनमें दो को पिछले 24 घंटे में तलाशा गया।
सिंगरौली पुलिस ने 16 वर्षीय लापता बालिका को उत्तरप्रदेश के अनपरा से सकुशल बरामद किया। राजगढ़ पुलिस ने दो नाबालिगों को तलाशा, जिसमें एक बालिका को 72 घंटे के भीतर अहमदाबाद से बरामद किया गया। सीहोर और गुना पुलिस ने भी लापता नाबालिगों को सकुशल उनके परिवारों तक पहुंचाया।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि गुमशुदा बच्चों की तलाश सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है और इसके लिए साइबर तथा मैदानी संसाधनों का लगातार उपयोग किया जा रहा है।
