भकराड़ा के सात युवाओं का मध्य प्रदेश पुलिस में चयन, एक ही परिवार के तीन सगे भाई बनेंगे कांस्टेबल

खंडवा: जिला मुख्यालय के समीप स्थित ग्राम भकराड़ा एक बार फिर प्रदेश स्तर पर अपनी सफलता के लिए चर्चा में है। मध्य प्रदेश पुलिस कांस्टेबल भर्ती परीक्षा के हालिया परिणामों में इस गांव के कुल सात युवाओं ने सफलता हासिल कर खाकी वर्दी पहनने का सपना पूरा किया है। इस उपलब्धि की सबसे विशेष बात यह है कि चयनित युवाओं में एक ही आदिवासी परिवार के तीन सगे भाई रविंद्र डावर, ललित डावर और गुलाब डावर शामिल हैं। इन भाइयों के साथ ही गांव के राहुल मोरे और तीन प्रतिभावान बेटियों लीला चौहान, रेनू चौहान व रानू जामोद का भी कांस्टेबल पद पर चयन हुआ है।
इन सभी युवाओं का पारिवारिक परिवेश खेती-किसानी से जुड़ा हुआ है। इन्होंने अपनी सफलता का आधार इंदौर में रहकर की गई कड़ी मेहनत और कोचिंग को बताया है। अपनी जड़ों से जुड़े इन युवाओं की सादगी का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के दौरान जब भी ये गांव आते थे, तो खेतों में अपने परिवार का हाथ बंटाने से पीछे नहीं हटते थे।
भकराड़ा गांव धीरे-धीरे सैनिकों और पुलिसकर्मियों के गांव के रूप में पहचान बना रहा है। यहां की मिट्टी में देश सेवा का जज्बा कूट-कूट कर भरा है, जिसका प्रमाण यह है कि वर्तमान में गांव के 20 से अधिक युवा पुलिस और सेना के विभिन्न अंगों में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। सफलता का यह सिलसिला नया नहीं है, पिछले वर्ष भी इसी ग्राम की राजपूत समाज की तीन सगी बहनों ने एक साथ मध्य प्रदेश पुलिस में चयनित होकर इतिहास रचा था। इन युवाओं की इस सामूहिक सफलता से पूरे क्षेत्र और विशेषकर आदिवासी समाज में हर्ष व्याप्त है।

Next Post

बिजली तार विवाद में महिला से की मारपीट

Sat Apr 11 , 2026
इंदौर: खुडैल क्षेत्र के दुधिया गांव में बिजली तार लगाने को लेकर विवाद बढ़ गया। आरोपियों ने महिला से मारपीट कर धमकी दी, जिस पर पुलिस ने मामला दर्ज किया है।पुलिस के अनुसार दुधिया में रहने वाली 41 वर्षीय टमाबाई जाट की शिकायत पर पुलिस ने शेखर, सुनीता, सोनू, सपना […]

You May Like