राहुल हिमालयन को आईआरटीसी के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक का अतिरिक्त प्रभार सौंपा

नयी दिल्ली, 19 जुलाई (वार्ता) रेल मंत्रालय ने भारतीय रेलवे खानपान और पर्यटन निगम (आईआरसीटीसी) के निदेशक (पर्यटन और विपणन) राहुल हिमालयन को कंपनी के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक का अतिरिक्त प्रभार सौंपा है। वह संजय कुमार जैन के शीर्ष पद से इस्तीफे के बाद 20 जुलाई को कार्यभार संभालेंगे। वर्ष 1999 बैच के भारतीय रेलवे यातायात सेवा (आईआरटीएस) के अधिकारी श्री हिमालयन के पास भारतीय रेलवे और आईआरसीटीसी में 26 से अधिक वर्षों का अनुभव है। वह फरवरी 2024 से आईआरसीटीसी बोर्ड में पूर्णकालिक कार्यकारी निदेशक के रूप में कार्यरत हैं और वर्तमान में पर्यटन, सूचना प्रौद्योगिकी, मानव संसाधन विकास, बुनियादी ढांचा, प्रशासन एवं राजभाषा सहित प्रमुख विभागों की देखरेख कर रहे हैं।

श्री हिमालयन एनआईटी हमीरपुर से इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग में स्वर्ण पदक विजेता हैं और उन्होंने आईआईटी दिल्ली से इंजीनियरिंग में स्नातकोत्तर की डिग्री प्राप्त की है। उन्हें सर्वश्रेष्ठ हरफनमौला छात्र होने के लिए राष्ट्रपति के स्वर्ण पदक से भी सम्मानित किया गया था। इस अतिरिक्त जिम्मेदारी के साथ, श्री हिमालयन निदेशक (पर्यटन और विपणन) के रूप में कार्य जारी रखते हुए आईआरसीटीसी के समग्र संचालन और रणनीतिक दिशा का नेतृत्व करेंगे। यह नियुक्ति ऐसे समय में हुई है जब रेलवे का यह सार्वजनिक उपक्रम पर्यटन, खानपान, डिजिटल सेवाओं और आतिथ्य सत्कार पर अपना ध्यान बढ़ा रहा है, और नए नेतृत्व से कंपनी के विकास के अगले चरण को दिशा देने की उम्मीद है।

Next Post

चढ़ावा चोरी की स्वतंत्र जांच कराएं मोदी : राहुल

Sun Jul 19 , 2026
नयी दिल्ली, 19 जुलाई (वार्ता) कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष तथा लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से श्रीराम मंदिर में श्रद्धालुओं द्वारा दिए चढ़ावे में चोरी के मामले में तत्काल स्वतंत्र जांच कराने, पूरा हिसाब सार्वजनिक करने और दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की […]

You May Like