जबलपुर: विजयनगर थाना अंतर्गत कृषि उपज मंडी के पास हॉट बाजार क्षेत्र में खंडहर गोदाम के पीछे महिला से अवैध संबंध के शक में युवक ने साथ में काम करने वाले गोसलपुर के अतरिया निवासी एक अधेड़ की बेरहमी से पीट-पीट कर हत्या कर दी। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार विजय नगर कृषि उपज मंडी के पास हॉट बाजार क्षेत्र में खंडहर गोदाम के पीछे लटोरी उर्फ जगदीश सिंह गौड़ (52) निवासी अतरिया गोसलपुर का घायल अवस्था में पड़ा मिला था ।
108 एम्बुलेंस से घायल को मेडिकल कॉलेज लाया गया था। यहाँ डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। मेडिकल कॉलेज से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की। मर्ग पंचनामा की कार्रवाई के दौरान चौंकाने वाले तथ्य सामने आए। मृतक लटोरी गौड़ के दोनों हाथ, पैर और पीठ पर गंभीर चोटों के निशान मिले। शुरुआती जांच में यह स्पष्ट हुआ है कि किसी अज्ञात ने प्राणघातक हमला किया, जिससे अत्यधिक चोट आने के कारण उनकी मौत हो गई।
पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ हत्या का प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की। टीआई राजेन्द्र सिंह ने बताया कि मृतक लटोरी उर्फ जगदीश गौंड 4 दिन पूर्व ही ग्राम अतरिया गोसलपुर से विजयनगर स्थित मंडी में मजदूरी करने आया था विजयनगर आने पर उसकी एक महिला से जान पहचान हो गई थी आरोपी गुलाब शाह को संदेह था कि मृतक के उसके पसंद की महिला से अवैध संबंध हैं। इसी शक के चलते उसने मृतक के साथ बांस के डंडे से मारपीट की और अधमरा छोडक़र फरार हो गया था। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त डंडा जप्त कर लिया है।
