नयी दिल्ली, 15 जुलाई (वार्ता) आम आदमी पार्टी (आप) ने घोषणा की है कि पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल गुरुवार को जंतर-मंतर पहुंचकर अनशन पर बैठे समाजसेवी सोनम वांगचुक से मुलाकात करेंगे और उनके आंदोलन को समर्थन देंगे।
आप के वरिष्ठ नेता एवं बुराड़ी विधायक संजीव झा ने बुधवार को यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सोनम वांगचुक का आंदोलन देश के युवाओं, पारदर्शी परीक्षा व्यवस्था और रोजगार के अधिकार से जुड़ा हुआ है।
श्री झा ने कहा कि सोनम वांगचुक पारदर्शी परीक्षा प्रणाली और शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग को लेकर अनशन पर हैं। उनके अनुसार लगातार अनशन के कारण वांगचुक की तबीयत बिगड़ती जा रही है, लेकिन वह अपनी मांगों पर अडिग हैं। यह संघर्ष किसी व्यक्तिगत हित के लिए नहीं, बल्कि देश के युवाओं के भविष्य और ईमानदार परीक्षा व्यवस्था के लिए है।
आप नेता ने आरोप लगाया कि लगातार पेपर लीक की घटनाओं के बावजूद सरकार कोई प्रभावी कदम नहीं उठा रही है। उन्होंने कहा कि प्रतिभाशाली युवाओं को रोजगार के अवसर नहीं मिल रहे हैं और सरकार उनकी चिंताओं को नजरअंदाज कर रही है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे इस आंदोलन के समर्थन में आगे आयें और युवाओं के भविष्य से जुड़े इस मुद्दे पर अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें।
श्री झा ने देशभर के लोगों से गुरुवार शाम चार बजे जंतर-मंतर पहुंचकर सोनम वांगचुक के समर्थन में एकजुट होने का आह्वान किया।
