
नीमच। झाझंरवाड़ा औद्योगिक क्षेत्र में रविवार दोपहर एक फ्रूट कोल्ड स्टोरेज प्लांट में भीषण आग लग गई। आग इतनी भयानक थी कि इसकी लपटें और काले धुएं का गुबार कई किलोमीटर दूर से ही साफ नजर आ रहा था। सूचना मिलते ही दमकल की तीन गाडिय़ां मौके पर पहुंचीं और मोर्चा संभाला।
चश्मदीदों ने बताया कि आग बहुत तेजी से फैली, जिससे पूरा प्लांट आग के गोले में तब्दील हो गया। इंडस्ट्रियल एरिया में आग की खबर फैलते ही अफरा-तफरी मच गई और आसपास की फैक्ट्रियों में काम कर रहे लोग डर के मारे बाहर निकल आए। दमकल कर्मियों ने काफी मेहनत के बाद लपटों पर काबू पाया।
लाखों की मशीनें जलकर राख
राहत की बात यह रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई। हालांकि, प्लांट के अंदर रखी लाखों रुपए की मशीनें और अन्य कीमती सामान जलकर पूरी तरह बर्बाद हो गया। शुरुआती अनुमान के मुताबिक नुकसान काफी बड़ा है।
बंद पड़ा था प्लांट, शॉर्ट सर्किट का शक
जानकारी मिली है कि यह कोल्ड स्टोरेज प्लांट पिछले कई दिनों से बंद था, इसलिए हादसे के वक्त वहां कोई कर्मचारी नहीं था। आग लगने की शुरुआती वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है। फिलहाल पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर है और आग लगने के असली कारणों की जांच की जा रही है।
