जबलपुर: मदन महल थाना क्षेत्र में एक जालसाज ऑटो चालक ने बीमार बेटे का इलाज कराने आए एक मजबूर पिता को अपनी बातों में फंसाया और मदद के बहाने उनकी जेब से 70 हजार रुपये साफ कर दिए।पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार उमरिया जिले के वीकटगंज निवासी प्रेम लाल झारिया (50) का बेटा मनमीत झारिया जबलपुर के आशीष अस्पताल में भर्ती है। बेटे के इलाज के लिए रुपयों की तंगहाली को देखते हुए प्रेम लाल 31 मार्च को अपने घर से 70,000 रुपये नकद लेकर ट्रेन से जबलपुर स्टेशन पहुँचे थे। स्टेशन से मेट्रो बस द्वारा वे ब्लूम चौक पहुँचे, जहाँ उनका बड़ा बेटा भास्कर उन्हें लेने आया था।
पैसे मत देना, मैं मदद कर रहा हूँ बोलकर बैठाया शाम करीब 4 बजे जब पिता-पुत्र पैदल ही अस्पताल की ओर जा रहे थे, तभी होम साइंस कॉलेज के सामने एक नीले-आसमानी रंग के ऑटो चालक ने उन्हें रोका। बुजुर्ग ने पैदल जाने की बात कही, लेकिन शातिर ऑटो वाले ने मदद का ढोंग करते हुए कहा कि पैसे मत देना, मैं आपको छोड़ देता हूँ। उसकी जिद और विनम्रता देख प्रेम लाल झांसे में आ गए।
ऑटो में पहले से ही दो संदिग्ध युवक बैठे थे। चालक ने बुजुर्ग को अपने पास अगली सीट पर बिठाया और उनके बेटे को पीछे। रास्ते भर चालक और उसके साथियों ने धक्का-मुक्की का माहौल बनाया ताकि बुजुर्ग का ध्यान भटक जाए। जैसे ही अस्पताल के पास उन्हें उतारा गया, प्रेम लाल ने अपनी जेब टटोली तो उनके होश उड़ गए। जेब में रखे 70 हजार रुपये गायब थे। पीडि़त ने तुरंत शोर मचाया और ऑटो के पीछे दौड़े, लेकिन चालक ने तेजी दिखाई और मदन महल रेलवे स्टेशन की तरफ फरार हो गया। बदहवास पिता ने मदन महल थाने पहुँचकर आपबीती सुनाई।
