ब्लैंका व्लासिक को टीसीएस वर्ल्ड 10 के का एंबेसडर किया नियुक्त

बेंगलुरु, 06 अप्रैल (वार्ता) वर्ल्ड एथलेटिक्स गोल्ड लेबल रेस, टीसीएस वर्ल्ड 10के बेंगलुरु 2026 के प्रमोटर, प्रोकैम इंटरनेशनल ने सोमवार को दो बार की ओलंपिक पदक विजेता और दो बार की विश्व चैंपियन ब्लैंका व्लासिक को 26 अप्रैल को होने वाले के आगामी संस्करण के लिए अंतरराष्ट्रीय स्पर्धा का एंबेसडर नियुक्त किया है। एथलेटिक्स के इतिहास की सबसे कामयाब हाई जंपर्स में से एक, व्लासिक को लगातार बेहतरीन प्रदर्शन और सबसे ऊंचे स्तर पर मिली सफलता के लिए जाना जाता है। उन्होंने बीजिंग 2008 ओलंपिक खेलों में रजत पदक जीता और उसके बाद रियो 2016 ओलंपिक में कांस्य पदक जीता।

वह कई बार वर्ल्ड चैंपियनशिप और वर्ल्ड इंडोर चैंपियनशिप में भी पदक जीत चुकी हैं। उनका निजी सर्वश्रेष्ठ 2.08 मीटर है, जो उन्होंने 2009 में हासिल किया था। यह अभी भी क्रोएशिया का नेशनल रिकॉर्ड है और महिलाओं की हाई जंप के इतिहास में तीसरी सबसे ऊंची छलांग है। इस स्पर्धा से अपने जुड़ाव को लेकर व्लासिक ने कहा कि उन्हें इस दौड़ के 18वें एडिशन का हिस्सा बनकर बहुत गर्व महसूस हो रहा है। उन्होंने कहा कि ऐसे किसी स्पर्धा से जुड़ना, जो दौड़ने के जरिए हजारों लोगों को एक साथ लाता है,  बहुत ही प्रेरणादायक और जोश भरने वाला अनुभव है।
उन्होंने कहा,

“हर पार्टिसिपेंट के लिए मेरा संदेश बहुत सीधा-सा है। अपना सबसे बेहतरीन प्रदर्शन करें, अच्छी तैयारी करें और इस सफ़र का पूरा आनंद लें। मैं बेंगलुरु में आप सभी से मिलने का बेसब्री से इंतजार कर रही हूं।” इस अवसर पर प्रोकैम इंटरनेशनल के संयुक्त प्रबंध निदेशक विवेक सिंह ने कहा कि व्लासिक की शानदार उपलब्धियां और खेलों में उनकी लगातार भागीदारी उन्हें एक प्रेरणादायक हस्ती बनाती है। उन्होंने आगे कहा कि उनकी मौजूदगी भारत में दौड़ने की भावना का जश्न मनाते हुए, प्रतिभागियों और प्रशंसकों के अनुभव को और भी बेहतर बनाने में मदद करेगी।

Next Post

आरआर को तीसरी जीत की तलाश , एमआई वापसी की उम्मीद में

Mon Apr 6 , 2026
गुवाहाटी, 06 अप्रैल (वार्ता) इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 में मंगलवार को राजस्थान रॉयल्स (आरआर) टूर्नामेंट में तीसरी जीत दर्ज करना चाहेगी वहीं मुंबई इंडियंस (एमआई) पिछले मैच में मिली हार की निराशा से उबरते हुए वापसी के इरादे से मैदान में उतरेगी। बारसापारा क्रिकेट स्टेडियम में होने वाले इस […]

You May Like

मनोरंजन