जबलपुर: गोहलपुर थाना अंतर्गत पसियाना में भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष मगन सिद्दीकी पर कल चाकू से जानलेवा हमला करने वाले आरोपी पुलिस की गिरफ्त से फरार हैं। वहीं घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। जिसमें आरोपी हमला करते हुए नजर आ रहे हैं। जानकारी के अनुसार, न्यू आनंदनगर हनुमानताल निवासी 45 वर्षीय मगन सिद्दीकी भाजपा के पूर्व अब्दुल हामिद मंडल अध्यक्ष रहे हैं। रविवार शाम करीब 7:15 बजे मगन सिद्दीकी पसियाना स्थित अपने चाचा मोहम्मद रफीक की दुकान सानिया ज्वेलर्स के सामने अपने दोस्त तौकीर और रहीश अहमद के साथ खड़े होकर बातचीत कर रहे थे। उसी दौरान अरमान अपने तीन साथी को लेकर मोटरसाइकिल से वहां पहुंचा। बाइक रुकते ही तीनों ने अचानक मगन सिद्दीकी को घेर लिया और जान से मारने की नीयत से उन पर ताबड़तोड़ चाकू से हमला कर दिया था। मगन सिद्दीकी ने बताया कि हमला होते ही वे खुद को बचाने के लिए तेजी से पीछे हटे थे। इसके चलते आरोपियों का वार चूक गया और चाकू उनके पेट या सीने में लगने के बजाय दोनों पैरों में जा लगा था। तीनों हमलावर बाइक पर सवार होकर मौके से भाग निकले थे।
पिता को सजा होने का बदला ले रहा था बेटा-
मगन सिद्दीकी ने पुलिस को बताया कि लगभग 2 साल 5 महीने पहले अरमान के पिता वसीम डागर ने उन पर चाकू से हमला किया था। उस वक्त उन्होंने अधारताल थाने में मामला दर्ज कराया था, जिसमें कोर्ट ने वसीम डागर को दोषी पाते हुए सजा सुना दी है। इसी बात का बदला लेने के लिए वसीम का बेटा अरमान उनसे लगातार रंजिश रख रहा था और मौका मिलते ही उसने साथियों के साथ मिलकर यह जानलेवा हमला कर दिया था।
