वाणिज्य मंत्री की मिस्र यात्रा से तीन क्षेत्रों में भारतीय व्यवसायों के लिए खुलेंगे नए रास्ते: फियो

नयी दिल्ली,10 नवंबर (वार्ता) निर्यातकों के शीर्ष संगठन फेडरेशन ऑफ इंडियन एक्सपोर्ट ऑर्गेनाइजेशन्स (फियो) का कहना है कि वाणिज्य और उद्योग मंत्री श्री पीयूष गोयल की मिस्र की आगामी यात्रा द्विपक्षीय व्यापार और निवेश को नई गति देगी। इसके साथ ही यह भारतीय व्यवसायों के लिए व्यापक क्षेत्रीय अवसर भी खोलेगी। श्री गोयल की इसी सप्ताह शुरू हो रही मिस्र यात्रा में उनके साथ उद्यमियों और व्यवसायियों का एक उच्च-स्तरीय व्यापार प्रतिनिधिमंडल भी शामिल होगा।

फियो के अध्यक्ष एस. सी. रल्हन ने कहा कि यह भारत-मिस्र की लंबे समय से चली आ रही रणनीतिक साझेदारी को और मज़बूत व्यावसायिक संबंधों में बदलने का एक बेहतरीन अवसर है। उन्होंने कहा, “मिस्र में एक बड़ा घरेलू बाज़ार, एक रणनीतिक स्थान और व्यापक क्षेत्रीय व्यापार संपर्क मौजूद है। श्री गोयल की यह यात्रा भारतीय व्यवसायों को इन फायदों का लाभ उठाने, निर्यात बढ़ाने, विनिर्माण क्षेत्र में साझेदारी करने और क्षेत्रीय मूल्य श्रृंखलाओं में अधिक सक्रिय रूप से भाग लेने में मदद कर सकती है।”

वित्त वर्ष 2025-26 में भारत और मिस्र के बीच वस्तुओं का व्यापार 6.5 अरब डॉलर तक पहुँच गया, जिसमें भारत से 3.9 अरब अमेरिकी डॉलर का निर्यात और 2.6 अरब डॉलर का आयात शामिल था। भारत के निर्यात बास्केट में पेट्रोलियम उत्पाद, इंजीनियरिंग सामान, रसायन, सूती धागा, भैंस का मांस और फार्मास्यूटिकल्स एक बड़ा हिस्सा हैं। चूँकि भारत मिस्र के लिए आयात का पाँचवाँ सबसे बड़ा स्रोत बनकर उभरा है, इसलिए यह यात्रा निर्यात सूची में विविधता लाने, बाज़ार तक पहुँच को गहरा करने और आयात के एक पसंदीदा -स्रोत’ के रूप में भारत की स्थिति को मज़बूत करने का अवसर प्रदान करती है।

श्री गोयल इस यात्रा के दौरान वहां के मंत्रियों और वरिष्ठ सरकारी प्रतिनिधियों के साथ होने वाली चर्चाओं में व्यापार का विस्तार करने, निवेश को प्रोत्साहित करने, और स्टार्टअप, फिनटेक, फार्मास्यूटिकल्स, ऑटोमोबाइल कंपोनेंट्स तथा बुनियादी ढांचे (इंफ्रास्ट्रक्चर) के क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर विशेष ध्यान दे सकते हैं। उद्योग जगत के लोगों का मानना है कि इस यात्रा के दौरान ‘भारत-मिस्र स्टार्टअप समिट’ इस जुड़ाव में नवाचार का एक महत्वपूर्ण आयाम जोड़ेगी, जहाँ उद्यमी, निवेशक और प्रौद्योगिकी कंपनियाँ व्यावसायिक साझेदारियों की संभावनाओं को तलाशने के लिए एक साथ आएँगी।

फियो अध्यक्ष रल्हन ने कहा, “भारतीय व्यवसायों को मिस्र को एक आशाजनक बाज़ार और व्यापक क्षेत्रीय बाज़ारों तक पहुँचने के लिए एक साझेदार, दोनों रूपों में देखना चाहिए। भारतीय विनिर्माण क्षमताओं को मिस्र की भौगोलिक स्थिति और व्यापारिक संबंधों के साथ जोड़ने से निर्यात में विविधता लाने और अंतर्राष्ट्रीय आपूर्ति श्रृंखलाओं में बेहतर एकीकरण करने में मदद मिल सकती है।”
मिस्र में 700 से अधिक भारतीय कंपनियाँ किसी न किसी रूप में पंजीकृत हैं, जिनमें से लगभग 70 कंपनियाँ विभिन्न क्षेत्रों में सक्रिय रूप से काम कर रही हैं और इनमें कुल 5.5 अरब डॉलर से अधिक का निवेश किया गया है। यह उपस्थिति नए निवेश को प्रोत्साहित करने, औद्योगिक सहयोग को गहरा करने और भारतीय एमएसएमई(सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यमों) के लिए क्षेत्रीय आपूर्ति श्रृंखलाओं में प्रवेश करने के अवसर पैदा करने में मदद कर सकती है।

फियो का कहना है “भारत और मिस्र के लिए व्यापार, निवेश, प्रौद्योगिकी और उद्यम के क्षेत्रों में एक-दूसरे की पूरक क्षमताओं के आधार पर, एक बड़ी महत्वाकांक्षी आर्थिक साझेदारी बनाने का मजबूत अवसर है। ”

.....

Next Post

सुपर कॉरिडोर पर दूध टैंकर की टक्कर से इंजीनियरिंग छात्र की मौत

Tue Nov 10 , 2026
इंदौर. एरोड्रम थाना क्षेत्र स्थित सुपर कॉरिडोर पर मंगलवार को तेज रफ्तार दूध टैंकर ने बाइक सवार इंजीनियरिंग छात्र को टक्कर मार दी. हादसे में 19 वर्षीय निहाल पांडे की मौत हो गई. वह सेज यूनिवर्सिटी में इंजीनियरिंग प्रथम वर्ष का छात्र था. हादसा सुपर कॉरिडोर पर बोहरा कॉलोनी के […]

You May Like