
थांदला. राज्य स्तरीय एंटी नारकोटिक्स विशेष अभियान के तहत थांदला पुलिस ने NDPS एक्ट के मामलों में लंबे समय से फरार चल रहे दो स्थायी वारंटियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस टीम ने 2 नवंबर को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर चांदपुर, जिला अलीराजपुर में दबिश देकर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस अधीक्षक देवेंद्र पाटीदार के निर्देशन एवं एसडीओपी थांदला के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक तारा मंडलोई के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में दशरथ पिता प्रेमसिंह नायक (38), निवासी ग्राम ढाबा, जिला नीमच शामिल है। आरोपी अपराध क्रमांक 504/2019, धारा 8/15 NDPS एक्ट के मामले में करीब सात वर्षों से फरार चल रहा था। वहीं, दूसरा आरोपी राहुल पिता अशोक राठौड़ (35), निवासी ग्राम सुखेड़ा, जिला रतलाम है, जो अपराध क्रमांक 224/2022, धारा 8/27 NDPS एक्ट के मामले में वर्ष 2022 से फरार था।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक तारा मंडलोई, प्रधान आरक्षक लोकेंद्र नायक, योगेश मोयल तथा आरक्षक दिलीप, भेरू एवं वीरेंद्र कुशवाहा की महत्वपूर्ण भूमिका रही। झाबुआ पुलिस द्वारा नशे के कारोबार और आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त फरार आरोपियों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाकर लगातार कार्रवाई की जा रही है।
