
इंदौर. गुमास्ता नगर में बुजुर्ग को नशा देकर 25 लाख के जेवर लेकर फरार हुए केयरटेकर का अब तक कोई सुराग नहीं लगा है. पुलिस अब आरोपी पर इनाम घोषित करने की तैयारी कर रही है.
द्वारकापुरी थाना क्षेत्र के 75 वर्षीय ओमप्रकाश मूंगड़ की देखभाल के लिए परिवार ने एजेंसी के जरिए यश नाम के युवक को रखा था. परिवार के बाहर जाने के दौरान आरोपी ने बुजुर्ग और नौकर दिलीप को जूस में नशा मिलाकर पिला दिया, जिससे दोनों बेसुध हो गए. इसके बाद वह घर से करीब 25 लाख रुपए कीमत के ब्रेसलेट और चेन लेकर फरार हो गया. जांच में सामने आया कि आरोपी ने एजेंसी में जो आधार कार्ड जमा किया था, वह फर्जी निकला. इसी वजह से पुलिस को उसकी पहचान और ठिकाने तक पहुंचने में दिक्कत आ रही है. पुलिस ने आरोपी के सीसीटीवी फुटेज अन्य जिलों में भेज दिए हैं और उसकी तलाश तेज कर दी है. साथ ही आरोपी पर इनाम घोषित करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है.
