
इंदौर. एरोड्रम थाना क्षेत्र स्थित सुपर कॉरिडोर पर मंगलवार को तेज रफ्तार दूध टैंकर ने बाइक सवार इंजीनियरिंग छात्र को टक्कर मार दी. हादसे में 19 वर्षीय निहाल पांडे की मौत हो गई. वह सेज यूनिवर्सिटी में इंजीनियरिंग प्रथम वर्ष का छात्र था.
हादसा सुपर कॉरिडोर पर बोहरा कॉलोनी के सामने हुआ. मृतक की पहचान निहाल पुत्र विनय पांडे, रहने वाले चौथी पलटन, इंदौर के रूप में हुई है. टैंकर की टक्कर इतनी जोरदार थी कि छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया और उसकी मौत हो गई. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले में जांच शुरू की. थाना प्रभारी मनोज सेंधव ने बताया कि निहाल मूल रूप से प्रयागराज का रहने वाला था. पुलिस हादसे में शामिल दूध टैंकर और उसके चालक के संबंध में जानकारी जुटा रही है.
