
पांढुरना,बीते एक पखवाड़े से जारी मानसूनी बारिश एवं बाढ़ के कारण जल स्रोतों के किनारों पर जमा कचरा, प्लास्टिक, झाड़-झंखाड़, गाद एवं अन्य अपशिष्ट सामग्री को हटाकर व्यापक स्तर पर सफाई कराई गई।
बारिश के कारण नगर के विभिन्न नदी घाटों एवं तालाबों के आसपास जमा कचरा हटाने मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्रीमती हेमेश्वरी पटले के निर्देश पर नपा के स्वास्थ्य अमले द्वारा सफाई करते हुए जल स्रोतों को स्वच्छ एवं सुरक्षित बनाने का कार्य किया गया। साथ ही जल निकासी मार्गों एवं आसपास के सार्वजनिक स्थलों की भी सफाई कर स्वच्छ वातावरण सुनिश्चित किया गया।
मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्रीमती हेमेश्वरी पटले ने बताया कि वर्षा ऋतु में बाढ़ के कारण जल स्रोतों के आसपास बड़ी मात्रा में कचरा जमा हो जाता है, जिससे प्रदूषण फैलने और जनस्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका रहती है। इसी को ध्यान में रखते हुए नगर पालिका द्वारा विशेष अभियान चलाकर समयबद्ध रूप से सफाई कार्य कराया गया।
नगर पालिका परिषद ने नागरिकों से अपील की है कि वे नदी, तालाब एवं अन्य जल स्रोतों में प्लास्टिक अथवा अन्य प्रकार का कचरा न डालें तथा स्वच्छता बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें। नगर पालिका द्वारा वर्षाकाल के दौरान ऐसे विशेष स्वच्छता अभियान निरंतर जारी रखे जाएंगे, जिससे जल स्रोत स्वच्छ रहें तथा नागरिकों को स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण उपलब्ध हो सके।
