बेमौसम बारिश की मार झेल रहें किसान, फसल बचाने के साथ ही आर्थिक नुकसान की चिंता

अनूपपुर, मध्यप्रदेश के अनूपपुर जिले में मौसम की बेरुखी ने एक बार फिर किसानों की चिंता बढ़ा दी है। सालभर की मेहनत और उम्मीदों के साथ तैयार की गई धान की फसल अब बेमौसम बारिश की मार झेल रही है। पहले अर्नब तूफान के प्रभाव से हुई बारिश और तेज हवाओं ने खेतों में खड़ी धान की फसल को नुकसान पहुंचाया। कई जगह फसल जमीन पर गिर गई। अब अकवन चक्रवाती सिस्टम के प्रभाव से दो दिनों तक लगातार बारिश ने किसानों की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं। हालात ऐसे हैं कि खेतों में पानी भरने से कटकर रखी धान की फसल के खराब होने का खतरा पैदा हो गया है। इससे किसानों के सामने फसल बचाने के साथ ही आर्थिक नुकसान की चिंता भी खड़ी हो गई है। रविवार को आसमान में काले बदलों ने डेरा जमाये हुए हैं। इस बार धान की फसल तैयार होने से लेकर कटाई तक मौसम किसानों की परीक्षा ले रहा है। पहले खड़ी फसल को नुकसान और अब कटाई के समय खेतों में पानी भरने से अन्नदाता की चिंता बढ़ गई है। किसानों को डर है कि कहीं मौसम की यह मार उनकी सालभर की मेहनत और कमाई दोनों पर पानी न फेर दे।

जिले में इन दिनों धान कटाई का काम तेजी से चल रहा था। अधिकांश किसानों ने कटाई शुरू कर दी थी, जबकि कई किसान अपनी फसल काटकर खेतों में ही रखे हुए थे। कुछ किसान कटाई के बाद धान की मिंजाई की तैयारी में जुटे थे। इसी बीच शुक्रवार सुबह से शुरू हुई लगातार बारिश ने शनिवार को पूरी व्यवस्था बिगाड़ दी। देखते ही देखते खेतों में पानी भर गया और कटकर रखी धान की फसल भी पानी की चपेट में आ गई। बारिश के कारण खेतों में कामकाज बंद हो गया है।

खेतों में पानी भरने से बढ़ी फसल खराब होने की आशंका

किसानों की सबसे बड़ी चिंता खेतों में कटकर रखे धान को लेकर है। लगातार पानी में भीगने से धान के करपा में नमी बढ़ रही है। यदि खेतों से जल्द पानी नहीं निकला और धूप नहीं निकली तो फसल में अंकुरण आने, दाने काले पड़ने और सड़ने की आशंका है। इससे धान की गुणवत्ता प्रभावित हो सकती है। किसानों का कहना है कि खेतों में जमा पानी निकलने और जमीन के सूखने में करीब एक सप्ताह तक का समय लग सकता है। ऐसे में यदि मौसम जल्द साफ नहीं हुआ तो नुकसान और बढ़ सकता है। धान की कटाई के बाद खेतों में रखी फसल को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाना जरूरी होता है, लेकिन बारिश के कारण किसान ऐसा नहीं कर पा रहे हैं। खेतों में कीचड़ और पानी भरा होने से कृषि कार्य भी मुश्किल हो गया है। कई किसानों के सामने यह समस्या है कि वे अपनी कटी हुई फसल को कहां और कैसे सुरक्षित रखें।

पहले खड़ी फसल गिरी, अब कटी फसल पर संकट

इस बार किसानों को मौसम की दोहरी मार झेलनी पड़ रही है। धान की फसल तैयार होने के समय पहले हुई बारिश और तेज हवाओं से कई खेतों में खड़ी फसल गिर गई थी। इससे कटाई में परेशानी आई और उत्पादन प्रभावित होने की आशंका बढ़ी। किसान किसी तरह बची हुई फसल को समेटने में जुटे थे, लेकिन अब कटाई के समय दोबारा बारिश शुरू हो गई। जो फसल खेतों में खड़ी है, उसे कटाई के लिए अनुकूल मौसम नहीं मिल रहा और जो फसल काटकर रखी गई है, उसके खराब होने का खतरा बढ़ गया है।

किसानों का कहना है कि खेती में बीज, खाद, दवा, मजदूरी और सिंचाई पर पहले ही काफी खर्च हो चुका है। धान तैयार होने के बाद उपज बेचकर वे सालभर के खर्च और खेती की लागत की भरपाई करने की उम्मीद लगाए बैठे थे। लेकिन मौसम की लगातार मार ने उनकी चिंता बढ़ा दी है। यदि कटाई के समय ही फसल खराब हो गई तो किसानों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है।

मौसम खुलने के इंतजार में अन्नदाता

बेमौसम बारिश के कारण अब किसानों की निगाहें आसमान पर टिकी हैं। उन्हें उम्मीद है कि जल्द बारिश थमेगी, धूप निकलेगी और खेतों से पानी निकलने के बाद वे दोबारा कटाई और मिंजाई का काम शुरू कर सकेंगे। हालांकि खेतों में अधिक नमी रहने के कारण फसल को पूरी तरह सूखने में भी समय लग सकता है। किसानों की मांग है कि बारिश से प्रभावित फसलों की स्थिति का जायजा लिया जाए और नुकसान की आशंका वाले क्षेत्रों में सर्वे कराकर उचित सहायता की व्यवस्था की जाए। फिलहाल किसानों के सामने सबसे बड़ी चुनौती खेतों में पड़ी धान की फसल को सड़ने और खराब होने से बचाना है।

Next Post

नीमच में 80 किलो डोडाचूरा जब्त, पंजाब का तस्कर गिरफ्तार

Sun Nov 22 , 2026
इंदौर. नारकोटिक्स विंग की टीम ने नीमच में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 80 किलो डोडाचूरा जब्त किया है. टीम ने तस्करी में इस्तेमाल की जा रही एक्सयूवी 500 गाड़ी भी जब्त कर पंजाब के एक आरोपी को गिरफ्तार किया है. नारकोटिक्स विंग इंदौर प्रकोष्ठ मंदसौर […]

You May Like