इंदौर: महू थाना क्षेत्र के सारवन मोहल्ला में बीती रात अज्ञात बदमाशों ने एक महिला की कार को आग के हवाले कर दिया। वारदात उस समय हुई जब पूरा परिवार घर के भीतर सो रहा था। तेज आवाज और जलने की गंध से जागे परिजन बाहर निकले, तब तक कार का अगला हिस्सा पूरी तरह जल चुका था। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक फरियादी रानी पति उमर खान निवासी सारवन मोहल्ला ने शिकायत में बताया कि उन्होंने रोज की तरह अपनी वैगनआर कार घर के बाहर खड़ी की थी।
रात करीब 2:20 बजे अचानक शोर सुनाई दिया। बाहर आकर देखा तो कार आग की लपटों में घिरी थी। आग इतनी तेजी से फैली कि उन्हें आशंका है बदमाशों ने जानबूझकर पेट्रोल डालकर वारदात को अंजाम दिया।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जली हुई कार का मुआयना किया। प्रारंभिक जांच में रंजिश के एंगल से भी पड़ताल की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके। पुलिस का कहना है कि जल्द ही बदमाशों को पकड़ लिया जाएगा।
