
छिंदवाड़ा। अधिकतर देखा गया है कि बैंक प्रबंधन सुरक्षा व्यवस्था पर ध्यान नही देता जिसके चलते रुपए निकालने के लिए गए उपभोक्ता ठगों का शिकार बन जाते है या फिर बैंक मेंचोरी हो जाती है. एटीएम में चोरी के कई मामले पूर्व में सामने आ चुके है. लेकिन इस सब घटनाओं को रोकने के लिए पुलिस ने अभियान चलाया है जिसमें पुलिस बैंक की सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी ले रही है. पुलिस अधीक्षक अजय पांडे के निर्देश पर पुलिस विभाग की अलग -अलग टीम जिले भर के समस्त राष्ट्रीयकृत, निजी एवं सहकारी बैंकों में पहुंची जहां पुलिस ने विशेष सुरक्षा ऑडिट किया गया. इस अभियान का उद्देश्य बैंक शाखाओं में सुरक्षा संबंधी सभी मानकों का परीक्षण करना, संभावित कमियों की पहचान करना तथा भविष्य में किसी भी अप्रिय घटना की रोकथाम सुनिश्चित करना रहा. जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में गठित पुलिस टीमों ने बैंक शाखाओं का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का विस्तृत परीक्षण किया. इस सुरक्षा ऑडिट में संपूर्ण जिले के समस्त एसडीओपी, थाना प्रभारी एवं चौकी प्रभारी अपने-अपने क्षेत्रांतर्गत आने वाले सभी बैंक एवं एटीएम केंद्रों में पहुंचे तथा सुरक्षा के सभी बिंदुओं की विस्तृत जांच की, साथ ही बैंक अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ बैठक कर सुरक्षा संबंधी आवश्यक जानकारी प्राप्त की गई, निरीक्षण के दौरान निर्धारित प्रपत्र (प्रोफार्मा) में समस्त बिंदुओं की जानकारी भरकर पुलिस अधीक्षक कार्यालय भेजी जाएगी. जिला मुख्यालय स्तर पर डीएसपी ललित बैरागी, रक्षित निरीक्षक आशीष तिवारी, निरीक्षक अरुण मरसकोले, सूबेदार लोहित तथा पुलिस लाइन के अन्य अधिकारी/कर्मचारी भी सुरक्षा ऑडिट अभियान में सम्मिलित रहे.
पुलिस टीम ने इन बिंदुओं को लेकर की जांच ००००००००००००००
जिले भर की अलग-अलग पुलिस टीम ने जिले भर की समस्त राष्ट्रीयकृत, निजी एवं सहकारी बैंकों में देखा बैंक परिसर एवं आसपास सीसीटीवी कैमरों की उपलब्धता एवं कार्यशीलता, कैमरों की रिकॉर्डिंग अवधि एवं गुणवत्ता ,बैंक में सुरक्षा गार्ड की उपलब्धता एवं सतर्कता , सुरक्षा गार्ड के पास शस्त्र/लाइसेंस की स्थिति , बैंक में अलार्म सिस्टम एवं इमरजेंसी सायरन , स्ट्रॉन्ग रूम / लॉकर सुरक्षा व्यवस्था , अग्निशमन यंत्र एवं उनकी वैधता प्रवेश एवं निकास द्वार की सुरक्षा व्यवस्था, संदिग्ध व्यक्तियों की निगरानी व्यवस्था , बैंक परिसर में पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था , नकदी लेनदेन के समय सुरक्षा प्रोटोकॉल , पुलिस हेल्पलाइन नंबर एवं आपातकालीन संपर्क नंबर का प्रदर्शन ,बैंक कर्मचारियों की सुरक्षा जागरूकता , साइबर फ्रॉड से बचाव संबंधी सूचना बोर्ड , कैश वैन आगमन/प्रस्थान सुरक्षा व्यवस्था, पार्किंग एवं बाहरी क्षेत्र की निगरानी व्यवस्था है कि नही.
पुलिस अधीक्षक करेंगे ऑडिट रिर्पोट का परीक्षण ००००
निरीक्षण के दौरान संकलित जानकारी सभी पुलिस टीमों से प्राप्त कर पुलिस अधीक्षक कार्यालय भेजी जाएगी। इसके उपरांत पुलिस अधीक्षक अजय पांडेय, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आशीष खरे एवं वरिष्ठ अधिकारी समस्त सुरक्षा ऑडिट रिपोर्ट का परीक्षण करेंगे. जिन बैंक शाखाओं में सुरक्षा संबंधी कमियां पाई जाएंगी, उन्हें आवश्यक सुधार हेतु निर्देश जारी किए जाएंगे. निर्धारित समयावधि में कमियां दूर न किए जाने पर संबंधित वरिष्ठ बैंक अधिकारियों एवं उच्च कार्यालयों को पत्राचार किया जाएगा. जिला पुलिस द्वारा स्पष्ट किया गया है कि बैंक सुरक्षा से जुड़े सभी बिंदुओं का हर हाल में पालन कराया जाएगा, ताकि आमजन की धनराशि सुरक्षित रहे तथा बैंकिंग व्यवस्था में विश्वास बना रहे.
