सतना:रविवार को रीवा से इहतवारी जाने वाली एक्सप्रेस ट्रेन में अत्यधिक भीड़ के कारण यात्रियों को जान जोखिम में डालकर सफर करना पड़ा। सामान्य डिब्बों के साथ-साथ स्लीपर कोच भी यात्रियों से पूरी तरह भरे रहे।
रीवा से इतवारी के लिए रवाना हुई एक्सप्रेस ट्रेन में भारी भीड़ देखने को मिली। ट्रेन रीवा से चलने के बाद सतना रेलवे स्टेशन पहुंचने से पहले ही सभी सामान्य डिब्बे पूरी तरह भर चुके थे। इतना ही नहीं, स्लीपर कोच में भी बड़ी संख्या में बिना आरक्षण वाले यात्री सवार हो गए, जिससे वहां भी खड़े होने तक की जगह नहीं बची।
भीड़ के कारण कई यात्री ट्रेन के दरवाजों पर लटककर यात्रा करने को मजबूर दिखे। ट्रेन में चढ़ने के लिए यात्रियों के बीच धक्का-मुक्की की स्थिति बनी रही और कई लोगों ने अपनी जान जोखिम में डालकर किसी तरह ट्रेन में जगह बनाई।
यात्रियों का कहना है कि सप्ताहांत और छुट्टियों के दौरान इस रूट पर अतिरिक्त कोच या विशेष ट्रेन की व्यवस्था नहीं होने से हर बार ऐसी स्थिति बनती है।
भीड़ के चलते सामान्य और स्लीपर दोनों डिब्बों में चढ़ने के लिए यात्रियों के बीच मारामारी की स्थिति बनी रही। प्लेटफॉर्म पर धक्का-मुक्की के बीच यात्री किसी तरह ट्रेन में सवार होने का प्रयास करते रहे, लेकिन इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था नदारद दिखाई दी। प्लेटफॉर्म पर कहीं भी जीआरपी पुलिस की मौजूदगी नजर नहीं आई, जिससे यात्रियों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए। ऐसी स्थिति में किसी भी समय बड़ा हादसा होने की आशंका बनी रही।
रीवा से इतवारी के बीच चलने वाली यह ट्रेन इस मार्ग की प्रमुख और नियमित रेल सेवा है। इस ट्रेन से बड़ी संख्या में मरीज और उनके परिजन इलाज के लिए नागपुर की यात्रा करते हैं। रीवा से नागपुर के लिए सीधी और नियमित ट्रेनों की सीमित उपलब्धता के कारण अधिकांश यात्री इसी ट्रेन पर निर्भर रहते हैं। यही वजह है कि इस ट्रेन में लगभग हर दिन भारी भीड़ देखने को मिलती है, जिससे यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
