सतना :कलेक्टर डॉ सतीश कुमार एस ने सतना जिले के आकांक्षी ब्लॉक मझगवां में शुक्रवार को संपूर्णता अभियान 2.0 का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि आकांक्षी ब्लाक में सभी तीनों सूचकांकों के घटकों में टीम भावना से कार्य करते हुए अच्छी उपलब्धि हासिल हुई है। संपूर्णता अभियान 2.0 के तहत क्षेत्र में महिला बाल विकास के 4, सूचकांक सहित कुल 6 सूचकांक शामिल किए गये है। इस मौके पर में पुलिस अधीक्षक हंसराज सिंह, सीईओ जिला पंचायत शैलेंद्र सिंह, एसडीएम महिपाल सिंह गुर्जर, जनपद अध्यक्ष रेणुका जायसवाल, सरपंच संपतिया देवी, सीईओ जनपद राहुल पाण्डेय, निरंजन जायसवाल सहित विभागों के जिला अधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
अभियान की औपचारिक शुरुआत करते हुए कलेक्टर डॉ. सतीश कुमार एस ने कहा कि यह पहल शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण, कृषि, आजीविका और आधारभूत सुविधाओं के समग्र विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगी। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अभियान के तहत चिन्हित मानकों पर तेजी से कार्य करते हुए मझगवां को विकास के नए आयामों तक पहुंचाया जाए। उन्होंने कहा कि संपूर्णतया अभियान के प्रथम चरण में गर्भवती महिलाओं का पूरक पोषण स्व-सहायता समूहों को रिवालविंग फंड के माध्यम से सशक्तीकरण और मृदा स्वास्थ्य कार्ड के वितरण के तीनों सूचकांकों में विकासखण्ड को मेडल हासिल हुए है।
इस बार संपूर्णता अभियान 2.0 में संपूर्ण ब्लाक में 6 इंडीकेटर को शामिल किया गया है। कलेक्टर डॉ. सतीश कुमार एस ने कहा कि संपूर्णता अभियान 2.0 का मुख्य उद्देश्य आकांक्षी ब्लॉकों में निर्धारित सूचकांकों पर शत-प्रतिशत उपलब्धि सुनिश्चित करना है। इसके तहत कुपोषण मुक्त गांव बनाने पर जोर, शत-प्रतिशत टीकाकरण, विद्यालयों में उपस्थिति और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, स्वच्छ पेयजल एवं स्वच्छता सुविधाओं का विस्तार, रोजगार और स्वरोजगार योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन तथा जनभागीदारी पर विशेष बल दिया जायेगा। उन्होंने संकल्प से समाधान अभियान के तहत पात्रता अनुसार चयनित हितग्राहियों को हितलाभ भी वितरित किये। इस मौके पर टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत कलेक्टर ने मरीजों को पूरक पोषण आहार के किट भी वितरित किये
