भोपाल: इस वर्ष हायर सेकेंडरी (12वीं) परीक्षा परिणाम में प्रथम श्रेणी में पास होने वाले विद्यार्थियों की संख्या में बड़ा इजाफा देखने को मिला है। वर्ष 2025 में जहां 3,18,743 विद्यार्थी प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण हुए थे, वहीं 2026 में यह संख्या बढ़कर 3,67,079 हो गई, जो बेहतर शैक्षणिक प्रदर्शन का संकेत है।माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा जारी परिणाम के अनुसार, कुल उत्तीर्ण प्रतिशत भी बढ़कर 76.01% हो गया है, जो पिछले वर्ष से 1.53 प्रतिशत अधिक है। छात्राओं ने एक बार फिर बेहतर प्रदर्शन करते हुए 79.41% परिणाम दर्ज किया, जबकि छात्रों का पास प्रतिशत 72.39% रहा।
स्वाध्यायी परीक्षार्थियों के परिणाम में भी सुधार हुआ है। उनका पास प्रतिशत 26.48% से बढ़कर 30.60% हो गया। वहीं द्वितीय और तृतीय श्रेणी में पास होने वाले विद्यार्थियों की संख्या में कमी आई है, जो यह दर्शाता है कि अधिक विद्यार्थी उच्च श्रेणी में सफल हो रहे हैं।शासकीय स्कूलों का प्रदर्शन इस बार भी बेहतर रहा, जहां 80.43% विद्यार्थी पास हुए, जबकि निजी स्कूलों का परिणाम 69.67% रहा। प्रावीण्य सूची में भी छात्राओं ने बढ़त बनाई है।कुल मिलाकर, 2026 का परीक्षा परिणाम गुणवत्ता में सुधार और बेहतर उपलब्धियों के साथ सामने आया है।
