भोपाल: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मंगलवार को मध्यप्रदेश माध्यमिक शिक्षा मंडल की 10वीं (हाईस्कूल) परीक्षा 2026 का परिणाम घोषित कर दिया। इस वर्ष कुल 8.97 लाख से अधिक विद्यार्थियों ने परीक्षा दी, जिसमें 73.42 प्रतिशत नियमित छात्र सफल रहे। छात्राओं ने एक बार फिर बेहतर प्रदर्शन करते हुए 77.52 प्रतिशत परिणाम दर्ज किया, जबकि छात्रों का पास प्रतिशत 69.31 रहा।
परीक्षा में पन्ना जिले की प्रतिभा सिंह सोलंकी ने 500 में से 499 अंक हासिल कर प्रदेश में टॉप किया। प्रावीण्य सूची में भी छात्राओं का दबदबा रहा, जहां 378 में से 235 स्थान छात्राओं ने हासिल किए।शासकीय स्कूलों का परिणाम 76.80 प्रतिशत के साथ निजी स्कूलों (68.64%) से बेहतर रहा। जिलों में अनूपपुर पहले (93.85%) और अलीराजपुर दूसरे स्थान (92.14%) पर रहे।
इस बार 2.89 लाख से अधिक विद्यार्थी अनुत्तीर्ण हुए, लेकिन किसी को पूरक नहीं दिया गया। नई शिक्षा नीति 2020 के तहत अब “द्वितीय अवसर परीक्षा” 7 मई से आयोजित होगी, जिसमें फेल, अनुपस्थित या अंक सुधार चाहने वाले छात्र शामिल हो सकेंगे।परीक्षा के दौरान 47 नकल प्रकरण भी सामने आए। बोर्ड ने विद्यार्थियों के लिए काउंसलिंग हेतु हेल्पलाइन सुविधा भी शुरू की है।
