एसेक्स फार्म्स ने प्रोफेशनल मैनेजमेंट सी.सी. को 9 विकेट से पीटा

नयी दिल्ली, 06 जून (वार्ता) एसेक्स फार्म्स ने शानदार हरफनमौला प्रदर्शन करते हुए प्रतिष्ठित 51वें अखिल भारतीय गोस्वामी गणेश दत्त मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट (पंजीकृत) के ग्रुप-बी लीग मुकाबले में प्रोफेशनल मैनेजमेंट सी.सी. को शनिवार को 9 विकेट से करारी शिकस्त दी। टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने उतरी एसेक्स फार्म्स की टीम ने प्रोफेशनल मैनेजमेंट सी.सी. को 16.5 ओवर में 137 रनों पर समेट दिया। प्रोफेशनल मैनेजमेंट की ओर से अनुज रावत ने 33 गेंदों पर आक्रामक 49 रन बनाए, जबकि आर्यन शर्मा ने 23 और प्रदीप मलिक ने 19 रनों का योगदान दिया। एसेक्स फार्म्स की ओर से निर्भय डागर और अमन गोस्वामी ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 4-4 विकेट झटके, जबकि हर्ष भारद्वाज ने 2 महत्वपूर्ण विकेट हासिल किए।

138 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी एसेक्स फार्म्स की टीम ने मात्र 14.1 ओवर में 1 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। द्वीप गहलोत ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 45 गेंदों पर नाबाद 73 रन बनाए, जबकि काव्या गुप्ता ने 37 गेंदों पर नाबाद 58 रनों की बेहतरीन पारी खेली। दोनों बल्लेबाजों ने शुरुआती विकेट गिरने के बाद मैच जिताऊ साझेदारी कर टीम को आसान जीत दिलाई। अपनी शानदार नाबाद अर्धशतकीय पारी के लिए द्वीप गहलोत को मैन ऑफ द मैच चुना गया, जबकि विपरीत परिस्थितियों में संघर्षपूर्ण बल्लेबाजी के लिए अनुज रावत को फाइटर ऑफ द मैच पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
गोस्वामी गणेश दत्त मेमोरियल सोसाइटी (रजि.) के महासचिव विशाल कात्याल एवं टूर्नामेंट सचिव कार्तिक शर्मा द्वारा खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया। मैन ऑफ द मैच: द्वीप गहलोत फाइटर ऑफ द मैच: अनुज रावत

.....

Next Post

सेमरिया के मेडिकल स्टोर में पड़ा छापा, दुकान सील

Sat Jun 6 , 2026
सीधी। जिले के सेमरिया बाजार में शनिवार शाम संयुक्त टीम ने एक मेडिकल स्टोर पर छापामार कार्रवाई की। इस दौरान दुकान से अमानक और एक्सपायरी डेट की दवाएं मिलीं। साथ ही अवैध रूप से मरीजों का इलाज किए जाने का मामला भी सामने आया। टीम ने तत्काल प्रभाव से मेडिकल […]

You May Like