इंदौर: भंवरकुआं थाना क्षेत्र में मोबाइल लूट की वारदात को अंजाम देकर भाग रहे दो बदमाशों की किस्मत ने साथ नहीं दिया. लूट के बाद भागते समय उनकी बाइक एक स्कूटर से टकरा गई, जिससे दोनों सड़क पर गिर पड़े. मौके पर मौजूद लोगों ने दोनों को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया.पुलिस के अनुसार घटना रात करीब 9 बजे आईटी पार्क चौराहे की है. फरियादी अनुप करोले, मूल निवासी खंडवा, वर्तमान में अनुराग नगर में रहते हैं. वे अपनी पत्नी संगीता के साथ बहन के घर जाने के लिए चौराहे पर बस या ऑटो का इंतजार कर रहे थे.
इसी दौरान बाइक सवार दो बदमाश वहां पहुंचे और झपट्टा मारकर अनुप के हाथ से मोबाइल फोन लूटकर फरार हो गए. मोबाइल लूटकर कुछ ही दूरी पर पहुंचे बदमाश सामने से आ रहे एक स्कूटर से टकरा गए. टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों बदमाश बाइक सहित सड़क पर गिर पड़े और उन्हें चोटें भी आईं. इसी बीच फरियादी ने शोर मचाया, जिसे सुनकर आसपास मौजूद राहगीरों ने दोनों को घेरकर पकड़ लिया. सूचना मिलने पर भंवरकुआं पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया. पकड़े गए आरोपियों की पहचान ओमप्रकाश मालवीय निवासी छोटी अमर पैलेस और अमन रानवे निवासी पवनपुत्र नगर के रूप में हुई है. पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटा गया मोबाइल फोन और वारदात में प्रयोग की गई बाइक जब्त कर ली है. आरोपियों से पूछताछ की जा रही है.
