नयी दिल्ली, 03 मार्च (वार्ता) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने कांग्रेस पर हरियाणा विधानसभा चुनाव के दौरान बावल सीट के लिये सात करोड़ रुपये राशि की मांग का आरोप लगाया है। भाजपा प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने मंगलवार को पार्टी मुख्यालय में आयोजित संवाददाता सम्मेलन और भाजपा आईटी सेल के राष्ट्रीय संयोजक अमित मालवीय ने एक्स पर एक पोस्ट में इस आशय केआरोप लगाते हुये इसमें 10 जनपथ और कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व पर निशाना साधा है।
श्री भंडारी ने कहा कि पिछले कुछ समय से देशभर में गांधी-वाड्रा परिवार को लेकर भ्रष्टाचार और समझौते की चर्चा है। उन्होंने मीडिया के समक्ष हरियाणा विधानसभा चुनाव के दौरान बावल सीट से टिकट के लिये हरियाणा महिला कांग्रेस की एक पदाधिकारी के पति गौरव कुमार का व्हाट्सएप चैट साझा करते हुये यह राशि मांगे जाने का दावा किया। उन्होंने आरोप लगाया कि इन चैट्स में कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं—राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा, केसी वेणुगोपाल और के. सुरेश—के करीबी लोगों का उल्लेख है और टिकट के बदले सात करोड़ रुपये की मांग की गयी है।
श्री भंडारी ने कहा कि यह कोई सामान्य आरोप नहीं है, उन्होंने दावा किया कि गांधी-वाड्रा परिवार ने अपने ही कार्यकर्ता से सात करोड़ रुपये लेने का प्रयास किया। श्री मालवीय ने कहा कि कांग्रेस नेतृत्व को इन आरोपों पर स्पष्ट और पारदर्शी जवाब देना चाहिए, ताकि कार्यकर्ताओं और जनता के बीच उत्पन्न संदेह दूर हो सके।

