
जबलपुर। अमर शहीदों का अपमान करने का आरोप आरएसएस कार्यकर्ताओं पर लगाकर कांग्रेस ने एक बार फिर से शहर के सियासी माहौल में सरगर्मी ला दी है। तय कार्यक्रम के अनुसार कांग्रेसियों का समूह शनिवार को राजा शंकर शाह एवं कुंवर रघुनाथ शाह प्रतिमा स्थल, मालगोदाम गोंडवाना चौक पर एकत्रित हुआ। जहां सबसे पहले कांग्रेसियों द्वारा अमर शहीदों की प्रतिमा को नर्मदा जल से स्वच्छ किया गया फिर उन्हें सम्मान पूर्वक श्रृद्धांजलि अर्पित की गई। इसके बाद कांग्रेसियों ने एसडीएम को राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा और मांग की कि अमर शहीदों का अपमान करने की घटना की उच्च स्तरीय जांच कराई जाए और दोषियों पर सख्त कार्यवाही की जाए, साथ ही भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने स्थाई निर्देश जारी किए जाएं। गौरतलब है कि गत दिवस कांग्रेसियों ने आरोप लगाया था कि आरएसएस कार्यकर्ताओं ने मालगोदाम गोंडवाना चौक पर मौजूद अमर शहीदों की प्रतिमा पर जूता पहनकर माल्यार्पण किया है इसके बाद विरोध शुरू हो गया था। कांग्रेस नगर अध्यक्ष सौरभ नाटी शर्मा ने कहा कि राजा शंकर शाह और कुंवर रघुनाथ शाह ने अंग्रेज़ी हुकूमत के खिलाफ अपनी जान की परवाह किए बिना आदिवासी अस्मिता और भारत की स्वतंत्रता की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व बलिदान किया। उनकी प्रतिमाओं का अपमान न केवल आदिवासी समाज का अपमान है, बल्कि पूरे राष्ट्र की भावनाओं को ठेस पहुँचाता है। जिसे कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। विरोध प्रदर्शन के दौरान पूर्व मंत्री कौशल्या गोटिया, किशोरीलाल, जमुना मरावी, अभिषेक चिंटू चौकसे, निलेश बरकड़े सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन और आदिवासी समाज के लोग उपस्थित रहे।
