इंदौर:शहर के विभिन्न थाना क्षेत्रों में चार महिलाओं ने पति और ससुराल पक्ष पर दहेज की मांग, मारपीट और मानसिक उत्पीड़न के गंभीर आरोप लगाए हैं. पुलिस ने सभी मामलों में तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.लसूड़िया थाना क्षेत्र में 31 वर्षीय नेहा चंदेलकर निवासी सिंगापुर नेस्ट, सी-विंग, फ्लैट नंबर 404 ने शिकायत दर्ज कराई कि उसके पति रोहित चंदेलकर, ससुर अशोक चंदेलकर और देवर प्रशांत चंदेलकर दहेज की मांग कर उसे अश्लील गालियां देते हैं और शारीरिक व मानसिक रूप से प्रताड़ित करते हैं. पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया है.
इसी तरह खजराना थाना क्षेत्र में 24 वर्षीय सैयद मनाल निवासी इलियास कॉलोनी ने अपने पति राहिल मिर्जा, ससुर जमील मिर्जा, सास रुबीना मिर्जा और देवर साहिल मिर्जा पर दहेज की मांग को लेकर मारपीट और मानसिक प्रताड़ना का आरोप लगाया है. वहीं महिला थाने में दर्ज तीसरे मामले में 35 वर्षीय संगीता मेवाड़ा निवासी इंदिरा नगर झुग्गी झोपड़ी ने पति संतोष मेवाड़ा और सास गीता बाई मेवाड़ा पर दहेज की मांग करने और प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है, जबकि चौथे मामले में 22 वर्षीय तनिष्का चौधरी निवासी भोलेनाथ कॉलोनी ने अपने पति रितेश चौधरी और सास दुर्गा चौधरी के खिलाफ इसी तरह के आरोप लगाते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई है. चारों ही मामलों में पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
