नीतीश ने पटना मेट्रो रेल के निर्माण कार्यों को तेजी से पूर्ण करने का दिया निर्देश

पटना, 10 मार्च (वार्ता) बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अधिकारियों को पटना मेट्रो रेल परियोजना के निर्माण कार्यों को तेजी से पूर्ण करने का आज निर्देश दिया।

श्री कुमार ने सोमवार को पटना मेट्रो रेल परियोजना के निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने गांधी मैदान, पीएमसीएच और पटना विश्वविद्यालय के समीप पटना मेट्रो रेल परियोजना के तहत निर्माणाधीन कार्यों का स्थल निरीक्षण किया।

मुख्यमंत्री ने निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को कई आवश्यक दिशा-निर्देश दिये और कहा कि कार्ययोजना के अनुरूप पटना मेट्रो रेल परियोजना के निर्माण कार्य तेजी से पूर्ण करायें। मेट्रो का निर्माण कार्य पूर्ण हो जाने से लोगों को आवागमन में काफी सहूलियत होगी, उन्हें भीड़भाड़ से छुटकारा मिलेगा।

श्री कुमार को इस क्रम में अधिकारियों ने पटना मेट्रो रेल परियोजना की प्रगति एवं अद्यतन स्थिति के संबंध में विस्तृत जानकारी दी। इसके अलावा राजेंद्र नगर, मोइनुलहक स्टेडियम, मलाही पकड़ी, खेमनीचक, पहाड़ी पर, जीरो माइल मेट्रो स्टेशन और आईएसबीटी मेट्रो स्टेशन के निर्माण कार्यों की प्रगति के संबंध में भी अवगत कराया।

पटना मेट्रो रेल परियोजना की स्वीकृति 27 फरवरी 2019 को दी गयी। इस परियोजना के अंतर्गत कुल 31.9 किलोमीटर मेट्रो रेललाईन का निर्माण होना है, जिसमें कुल 24 स्टेशन प्रस्तावित हैं। इस परियोजना का क्रियान्वयन दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन के द्वारा किया जा रहा है, जिसका पर्यवेक्षण नगर विकास एवं आवास विभाग के द्वारा किया जा रहा है।

भूमिगत मेट्रो लाईन के निर्माण के लिए 21 नवंबर 2023 को गांधी मैदान स्टेशन से टीबीएम (टनल बोरिंग मशीन) के द्वारा कार्य प्रारंभ किया गया जो आकाशवाणी भूमिगत स्टेशन होते हुए पटना स्टेशन तक पहुंच चुकी है। मलाही पकड़ी से खेमनीचक, भूतनाथ रोड, जीरोमाईल, पाटलिपुत्र बस टर्मिनल तक पटना मेट्रो लाईन (कुल 6.01 किलोमीटर) को प्राथमिकता के आधार पर निर्माण कार्य पूर्ण करने का लक्ष्य रखा गया है। इस लाईन को 15 अगस्त 2025 तक चालू करने का लक्ष्य निर्धारित है।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव डॉ. एस. सिद्धार्थ, नगर विकास एवं आवास विभाग के सचिव अभय कुमार सिंह, मुख्यमंत्री के सचिव कुमार रवि, पटना के जिलाधिकारी डॉ. चंद्रशेखर सिंह, वरीय पुलिस अधीक्षक अवकाश कुमार सहित पटना मेट्रो रेल परियोजना के अन्य वरीय अधिकारी उपस्थित थे।

Next Post

माॅरीशस यात्रा आपसी प्रगति व समृद्धि के लिए महत्वपूर्ण : मोदी

Mon Mar 10 , 2025
नयी दिल्ली, 10 मार्च (वार्ता) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अपनी माॅरीशस की यात्रा को आपसी प्रगति और समृद्धि के साथ-साथ हिंद महासागर क्षेत्र में सुरक्षा एवं विकास के लिए महत्वपूर्ण बताया है। श्री मोदी ने माॅरीशस की यात्रा पर रवाना होने से पहले अपने वक्तव्य में कहा,“मेरे मित्र प्रधानमंत्री डॉ. […]

You May Like