इंदौर: पलासिया थाना क्षेत्र के विनोबा नगर में मकान विवाद ने पारिवारिक रिश्तों को खून से रंग दिया। एक ही परिवार के दो पक्षों के बीच पहले कहासुनी हुई, फिर मामला लात-घूंसे और चाकू तक पहुंच गया। हिंसक झड़प में दोनों ओर के लोग घायल हुए हैं। पुलिस ने एक-दूसरे के खिलाफ क्रॉस केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।पुलिस के अनुसार, विवाद विनोबा नगर स्थित मकान को खाली कराने को लेकर शुरू हुआ। एक पक्ष से दीपक पिता विष्णु बौरासी ने शिकायत में बताया कि उसके मामा के बेटे रजत कैथवास लगातार घर छोड़ने का दबाव बना रहा था। आरोप है कि रजत ने गालियां देते हुए जान से मारने की धमकी दी और विरोध करने पर दीपक को जमीन पर पटककर चाकू से हमला कर दिया। चाकू दीपक के कंधे में लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
दूसरी ओर रजत कैथवास ने भी दीपक के खिलाफ मामला दर्ज कराया है। रजत का कहना है कि उसकी मां नंदा और बुआ के बीच मकान खाली करने को लेकर बहस चल रही थी, तभी दीपक वहां पहुंचा और गाली-गलौज करने लगा। बीच-बचाव करने पर दीपक ने रजत को जमीन पर गिराकर लात-घूंसे मारे, जिससे उसकी पीठ सहित शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आईं।
पुलिस दोनों पक्षों के बयान और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर मामले की जांच कर रही है। इलाके में पुरानी रंजिश के पहलू को भी खंगाला जा रहा है।
