
पटेरा/दमोह.जिले में लगातार हो रही वर्षा एवं संभावित बाढ़ की स्थिति को देखते हुए कलेक्टर प्रताप नारायण यादव के निर्देश पर तहसीलदार उमेश तिवारी ने संभावित बाढ़ प्रभावित क्षेत्र स्थित कोटा पुल का आकस्मिक निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान पुल की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए.तहसीलदार उमेश तिवारी ने लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) को पुल पर आवश्यक बैरिकेडिंग व चेतावनी संबंधी व्यवस्थाएं तत्काल सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि जलस्तर बढ़ने की स्थिति में किसी प्रकार की जनहानि न हो.साथ ही राजस्व विभाग एवं अन्य संबंधित कर्मचारियों की ड्यूटी लगाकर चौबीसों घंटे निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं.तहसीलदार ने आमजन से अपील की है कि पुल पर पानी आने की स्थिति में किसी भी प्रकार का जोखिम न उठाएं तथा पुल पार करने का प्रयास बिल्कुल न करें। उन्होंने कहा कि थोड़ी-सी लापरवाही भी गंभीर दुर्घटना का कारण बन सकती है। किसी भी आपात स्थिति में तत्काल प्रशासन को सूचना दें तथा प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।तहसीलदार उमेश तिवारी ने कहा कि नागरिकों की सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। संभावित बाढ़ की स्थिति से निपटने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कर दी गई हैं तथा प्रशासन पूरी तरह सतर्क एवं मुस्तैद है।
